पंच परिवर्तन के संदेश से गूंजा खेरवाड़ा, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
उदयपुर के खेरवाड़ा स्थित विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में आयोजित नवीन आचार्य वर्ग में मुख्य वक्ता पन्नालाल मीणा ने सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया।

उदयपुर जिले के खेरवाड़ा स्थित विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में विद्या भारती जनजाति समिति द्वारा आयोजित नवीन आचार्य वर्ग के दौरान मंच से व्याख्यान देते मुख्य वक्ता।
विद्या भारती जनजाति समिति राजस्थान, जिला उदयपुर द्वारा संचालित नवीन आचार्य वर्ग में पंच परिवर्तन विषय पर व्यापक मंथन किया गया। विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय, खेरवाड़ा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्यों और पारिवारिक मूल्यों को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पन्नालाल मीणा तथा वरिष्ठ अतिथि क्षेत्रीय सचिव मानेंग जी पटेल उपस्थित रहे। इस दौरान जिला सचिव गजेन्द्र जी चौबीस, जिला ग्रामीण कार्य प्रमुख जयप्रकाश जी भगोरा सहित विभिन्न प्रवासी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।
अपने उद्बोधन में पन्नालाल मीणा ने पंच परिवर्तन के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। उन्होंने स्व का बोध विषय पर चर्चा करते हुए स्वावलंबन को जीवन का आधार बताया तथा दैनिक उपयोग में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही नई शिक्षा नीति में स्थानीय भाषाओं के संरक्षण के महत्व का उल्लेख करते हुए वागड़ी भाषा की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।
सामाजिक समरसता के संदर्भ में उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती विभाजनकारी प्रवृत्तियों के बीच सभी वर्गों और समुदायों को एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने की आवश्यकता है। वहीं पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपने जन्मदिवस पर कम से कम पांच पौधे लगाने का आग्रह किया गया। पीपल, महुआ, आम और नीम जैसे वृक्षों के रोपण को पर्यावरण संतुलन के लिए उपयोगी बताया गया।
कार्यक्रम में नागरिक कर्तव्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य उपयोग तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। कुटुंब प्रबोधन विषय के अंतर्गत संयुक्त परिवार व्यवस्था को मजबूत करने, परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताने तथा बच्चों को लोककथाओं और संस्कारों से जोड़ने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रवासी मनसुख लाल बोडात, जिला भजन मंडली प्रमुख लक्ष्मी लाल मीणा, मीडिया प्रभारी बद्री लाल मीणा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमरलाल मीणा ने किया। नवीन आचार्य वर्ग के इस आयोजन ने सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण और पर्यावरणीय जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित करते हुए प्रतिभागियों को सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
