अवैध खनन पर खेरवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, केस दर्ज
खेरवाड़ा पुलिस ने बंजरिया की पहाड़ियों से अवैध खनन कर पत्थरों का परिवहन कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई जारी है।

राज्य में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खेरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई तथा वृत्ताधिकारी ऋषभदेव छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने बंजरिया की पहाड़ियों से अवैध रूप से पत्थरों का खनन कर उनका परिवहन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया।
मामले में थाना खेरवाड़ा पर प्रकरण संख्या 195/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 एवं आरएमएमसीआर-2017 की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान एवं वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा, सहायक उप निरीक्षक दिग्विजय सिंह एवं राकेश मेहता, हेड कांस्टेबल दानवीर सिंह एवं राजेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल मनिन्द्र सिंह शामिल रहे। अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध की गई यह कार्रवाई राज्य में संचालित विशेष अभियान के तहत पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के रूप में दर्ज की गई है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
