उदयपुर: काटवी में नशेड़ी ने बैल पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मामला दर्ज
खेरवाड़ा के काटवी गांव में झोपड़े में बंधे मवेशी पर हमले के बाद बावलवाड़ा थाना पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम और BNSS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

खेरवाड़ा, तहसील के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र के काटवी गांव में शराब के नशे में एक व्यक्ति द्वारा कुल्हाड़ी से बैल पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में बैल की हड्डियां टूट गईं और पैर में फ्रैक्चर होने की बात रिपोर्ट में सामने आई है। मामले में बावलवाड़ा थाना पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम एवं धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार नटवर लाल पुत्र रूपाजी ननामा, उम्र 35 वर्ष, निवासी काटवी ने रिपोर्ट दी कि 19 जुलाई 2026 को शाम करीब 4 बजे गांव में आरोपी मुकेश पुत्र रूपाजी जाबला निवासी काटवी शराब के नशे में धुत होकर हाथ में कुल्हाड़ी लेकर जान से मारने की नीयत से घर के झोपड़े में बंधे बैल पर हमला करने पहुंचा।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने कुल्हाड़ी से बैल पर वार किया, जिससे बैल की हड्डियां टूट गईं और पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के संबंध में प्रार्थी ने पुलिस को रिपोर्ट दी, जिसके बाद बावलवाड़ा थाने में पशु क्रूरता अधिनियम एवं धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
प्रकरण थाना अधिकारी राम सिंह के निर्देशन में दर्ज हुआ। मामले की जांच हैड कांस्टेबल सुंदर लाल द्वारा की जा रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
