खेत में काम के दौरान टूटी हाईटेंशन लाइन, करंट लगने से महिला की मौत; ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
खेरवाड़ा के कनबई गांव में खेत में काम के दौरान हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से चंपा देवी की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

तस्वीर में दिख रही महिला फर्श पर लेटी हुई स्थिति में है।
उदयपुर जिले के खेरवाड़ा उपखंड के नयागांव क्षेत्र स्थित कनबई गांव में रविवार सुबह खेत में कृषि कार्य के दौरान हाईटेंशन विद्युत लाइन टूटकर गिरने से एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सकलाल निवासी चंपा देवी (44 वर्ष), पत्नी अशोक मीणा, 25 जुलाई को अपने भाई दिनेश पुत्र गौतम के घर मेहमान के रूप में कनबई आई थीं। रविवार सुबह वह अपने भाई के साथ खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन अचानक टूटकर नीचे गिर गई। लाइन की चपेट में आने से चंपा देवी को तेज करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेरवाड़ा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत लाइन के रखरखाव में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन और विद्युत विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
थानाधिकारी पाटिया रमेश चंद्र मीणा ने बताया कि पुलिस ने रविवार शाम छह बजे बाद मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवार को राहत प्रदान की जाए।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
