खेरवाड़ा तहसील की ग्राम पंचायत भाणदा के ककलवाड़ा फला को राजस्व ग्राम घोघरवाड़ा से तथा कोकर फला से राजस्व ग्राम फुटाला को जोड़ने वाली मुख्य संपर्क सड़क की खस्ताहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा में है। एक वर्ष पूर्व इस सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर समाचार पत्रों में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बावजूद आज तक प्रशासन और संबंधित विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क के हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

उल्लेखनीय है कि दोनों सड़कें दो राजस्व ग्रामों की मुख्य सड़कों को जोड़ने का कार्य करती हैं। ग्रामीणों के अनुसार जनता जल योजना के अंतर्गत जलदाय विभाग के ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए इन सड़कों को खोद दिया गया था। आरोप है कि एक साल गुजर जाने के बाद भी न तो जलदाय विभाग और न ही कार्यकारी संस्था ने सड़कों की मरम्मत कराई। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सबसे बड़ी विडंबना यह है कि अभी तक जनता जल योजना का लाभ भी घर-घर तक नहीं पहुंच सका है।

बरसात के मौसम में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय स्कूली बच्चों को आने-जाने में सबसे अधिक दिक्कत होती है और कई बार बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क की समस्या को लेकर पूर्व में दीनदयाल उपाध्याय शिविर में प्रार्थना पत्र देकर सीईओ उदयपुर को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जलदाय विभाग से जनहित के इस गंभीर मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए खस्ताहाल सड़क का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराने तथा लापरवाह ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Updated On
Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story