नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत सोमवार देर शाम खेरवाड़ा कस्बे में आदिवासी कांग्रेस उदयपुर देहात के जिलाध्यक्ष रवि भावा के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध के साथ परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई गई।

मशाल जुलूस कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड परिसर पहुंचा। यहां नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक एवं अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने, पेपर लीक प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

वक्ताओं ने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्यापकों के रिक्त पद शीघ्र भरने, जर्जर शैक्षणिक भवनों का पुनर्निर्माण कराने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।

मशाल जुलूस में ऋषभदेव ब्लॉक अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, खेरवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी तथा आदिवासी कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए परीक्षा व्यवस्था में सुधार और शैक्षणिक संसाधनों को मजबूत करने की मांग दोहराई गई।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story