उदयपुर जिले के खेरवाड़ा तहसील क्षेत्र की लराठी पंचायत के वादीला गांव में पैंथर द्वारा एक गाय और पांच बकरियों का शिकार किए जाने के बाद ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। पैंथर की लगातार सक्रियता से चिंतित ग्रामीण बुधवार को खेरवाड़ा पहुंचे और क्षेत्र के भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि पैंथर लगातार गांव में आ रहा है, जिससे लोगों में डर का वातावरण बना हुआ है। उन्होंने बताया कि पैंथर अब तक एक गाय और पांच बकरियों को अपना शिकार बना चुका है। ग्रामीणों ने पैंथर की गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पारस जैन ने वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी से संपर्क कर पूरे मामले से अवगत कराया और आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा।

इस बीच वन विभाग ने भी ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलें, बच्चों और पालतू पशुओं को अकेला न छोड़ें तथा पशुओं को सुरक्षित बाड़े में रखें। विभाग ने यह भी कहा कि यदि कहीं पैंथर दिखाई दे तो उसे घेरने या भगाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दें।

वादीला गांव में पैंथर की बढ़ती सक्रियता के बीच ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और वे वन विभाग से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story