उदयपुर जिले में खेरवाड़ा थाना पुलिस और जिला शराब तस्करी रोकथाम टीम (डीएसटी) ने नेशनल हाईवे पर चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध शराब से भरी पिकअप वाहन को जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार आरोपी शराब को गाजर के आड़ में छिपाकर गुजरात ले जा रहा था।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर खेरवाड़ा थानाधिकारी दलपत सिंह के निर्देशन में एएसआई दिग्विजय सिंह और कॉन्स्टेबल अंशुल मय की अगुवाई में पुलिस जाब्ता ने नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान उदयपुर की ओर से आने वाली पिकअप को रुकवाने का इशारा किया गया। पिकअप की तलाशी लेने पर वाहन में गाजर के नीचे कुल 80 कार्टून अवैध अंग्रेजी शराब भरे हुए पाए गए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 8 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर थाना परिसर में कार्टूनों की गिनती शुरू की। आरोपी चालक राजवीर पुत्र भागीरथ गुर्जर, निवासी पनियाला, कोटपुतली, को मौके पर गिरफ्तार किया गया। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम जांच शुरू कर दी गई है।

इस कार्यवाही से जिले में शराब तस्करी रोकने की दिशा में पुलिस और डीएसटी की सतत तत्परता और प्रभावशाली कार्रवाई का संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया है। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाईयां शराब तस्करी को रोकने और कानूनी कार्रवाई को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story