उदयपुर: कानोड़ के मंदिर में चोरी, लाखों के आभूषण और नकदी ले गए अज्ञात चोर
धाकड़ों का खेड़ा स्थित श्रीरामजानकी मंदिर के ताले तोड़कर चोरों ने मूर्तियों के कीमती आभूषण और दानपात्र से नकदी पार कर पुलिस को चुनौती दी है।

उदयपुर जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र में चोरों ने आस्था के केंद्र को निशाना बनाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। धाकड़ों का खेड़ा स्थित श्रीरामजानकी मंदिर से अज्ञात चोर भगवान के बेशकीमती जेवरात और दानपात्र में रखी लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 20 अप्रैल की सुबह मंदिर के पुजारी कमलदास पुत्र मथरादास वैष्णव, निवासी धाकड़ों का खेड़ा, मजरा केशरपुरा, कानोड़, नित्य क्रिया अनुसार पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर का मुख्य द्वार पहुंचते ही उन्होंने देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ था। इस भयावह दृश्य को देख पुजारी ने तत्काल ग्रामीणों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब मंदिर के भीतर प्रवेश किया, तो वहां का दृश्य देख दंग रह गए। चोरों ने मंदिर में विराजित भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और सीता माता की मूर्तियों के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, चोरों द्वारा चुराए गए सामानों में चांदी के तीन मुखौटे, एक भाला, एक ढाल, चांदी की छह कड़ुलियां, माता सीता के दो तोड़े, दो माखियां, सोने के छह मोती, दो सोने के डोरे, घुंघरी वाली चांदी की दो कड़ुलियां, चार चांदी के डोरे, एक चांदी का कंदोरा, चांदी की परात और कटोरी के साथ ही एक किलो वजन का चांदी का छत्र शामिल है। इसके अतिरिक्त, मंदिर के दानपात्र से चोरों ने एक लाख रुपये की नकदी भी पार कर दी। सूचना मिलने पर कानोड़ थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पुजारी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर में हुई इस दुस्साहसिक चोरी ने न केवल ग्रामीणों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है, बल्कि इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

