उदयपुर जिले की कुराबड़ थाना पुलिस ने कुराबड़ थाने से मात्र 150 मीटर दूरी पर स्थित मोहित ज्वेलर्स की दुकान के ताले तोड़कर करीब 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोने के जेवरात चुराकर ले जाने के मामले में पुलिस ने चित्तौड़ के विजयपुर थाने के कंजर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन चोरों को पकड़ा है। यह बदमाश अपनी पत्नी और बेटियों के कपड़े पहनकर रात के समय चोरियां करते हैं और रात में पुलिस गश्त के अंतिम प्रहर के समय वारदात को अंजाम देते हैं ताकि इस दौरान पुलिस की गश्त भी ढीली पड़ जाए।

पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सात टीमों का गठन

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 15 मार्च को कुराबड़ थाने से मात्र 150 मीटर दूरी पर स्थित अशोक पुत्र कालूलाल सोनी निवासी कुराबड हाल लखारा चौक धानमंडी की मोहित ज्वैलर्स की दुकान का मध्य रात्रि में ताला तोड़कर 20 तोला सोना के आईटम व करीब 100 किलो चांदी के बने हुए आईटम चोरी कर ले गए। इस पर एसपी ने गोवर्धनविलास थानाधिकारी दिलीप सिंह, प्रतापनगर थानाधिकारी पूरणसिंह और कुराबड़ थानाधिकारी तेजुसिंह के नेतृत्व में और स्पेशल टीम को मिलाकर सात टीमों का गठन किया।

तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता

टीमों द्वारा सीसीटीवी कैमरे फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं भौतिक साक्ष्य एकत्रित करते हुए इस घटना के संबंध में पूर्व में चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की गई। इसके आधार पर पुलिस टीम ने दुधीतलाई विजयपुर चितौड़गढ़ निवासी शिवा उर्फ शिवलाल पुत्र डालरिया उर्फ पंकलाल, धागणो का खेड़ा विजयपुर चितौड़गढ़ निवासी कालूलाल पुत्र मनोहर कंजर और महेन्द्र पुत्र पूरालाल कंजर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस टीम 30 किलो चांदी के जेवर बरामद करने में सफल रही है, जबकि इस कंजर गैंग के फरार तीन साथियों की पुलिस सरगरमी से तलाश कर रही है।

फरार आरोपियों की तलाश और बदमाशों का तरीका

मामले में फरार देवडुंगरी विजयपुर चितौडगढ़ निवासी रामचंद्र पुत्र काना कंजर, दुधी तलाई विजयपुर चितौड़गढ़ निवासी अर्जुन पुत्र रमेश कंजर व धागणों का खेड़ा विजयपुर चितौड़गढ़ निवासी कुंदन पुत्र राजेन्द्र कंजर की तलाश की जा रही है। पूछताछ में सामने आया कि ये शातिर बदमाश हैं और "रात्रि में अपनी पत्नी और बच्चियों के महिलाओं के कपड़े पहनकर घरों से बाइक लेकर कस्बों एवं गांवों में जाकर रैकी करते हैं।" रैकी करते हुए ये बदमाश जो भी दुकान या मकान खाली नजर आता है उसको अपना निशाना बनाते हैं। यह गिरोह विशेष रूप से रात के अंतिम पहर में वारदात करता है ताकि पुलिस की गश्त ढीली होने का लाभ उठा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story