उदयपुर: कल्याणपुरा में रिश्तेदार बनकर घुसा युवक, वृद्धा से पेंडल लूटा
जयपुरा निवासी वृद्धा को तलवार दिखाकर धमकाया और सोने का आभूषण लेकर हुआ फरार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

उदयपुर जिले के कल्याणपुरा थाना क्षेत्र में मानवता और रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां एक शातिर युवक ने खुद को रिश्तेदार बताकर एक वृद्धा के घर में प्रवेश किया और मौका पाकर उसके गले से सोने का पेंडल लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्यास के बहाने घर में प्रवेश
पुलिस के अनुसार मरियम पुत्री मानिंग मीणा निवासी जयपुरा कल्याणपुर ने मामला दर्ज करवाया कि 25 फरवरी को 11.30 बजे वह उसके घर मे सोई थी, तभी बाहर से एक व्यक्ति ने आवाज दी। उस अज्ञात व्यक्ति ने खुद को महिला का रिश्तेदार बताया और अपना निवास स्थान बिछिवाडा का रहने वाला होना बताया। आरोपी ने वृद्धा से कहा कि उसे पानी पीना है इसलिए वह दरवाजा खोले। वृद्धा ने सावधानी बरतते हुए उससे कहा कि बाहर हेंडपम्प लगा है, वह वहीं से पानी पी ले।
लूट और जान से मारने की धमकी
वृद्धा के मना करने के बावजूद वह व्यक्ति दरवाजे को जोर-से धक्का देने लगा, जिस पर मरियम ने दरवाजा खोला। इसके बाद वह व्यक्ति घर के अंदर आया और खाना मांगने लगा। घर में घुसने के बाद आरोपी इधर-उधर की बाते करने लगा। कुछ समय बाद अचानक "उसने पीछे से छोटी तलवार निकाली और उसे धमकाते हुए मेरे गले में पहना हुआ सोने का पेंडल लूट ली और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया।" पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
