उदयपुर: सर्व ओबीसी समाज ने मनाई महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती
महात्मा ज्योतिबा फुले सर्कल पर माल्यार्पण के साथ द्विशताब्दी वर्षगांठ समारोह आयोजित, सावित्रीबाई फुले के योगदान और महिला शिक्षा पर हुई चर्चा।

उदयपुर के 100 फीट रोड स्थित ज्योतिबा फुले सर्कल पर महात्मा फुले की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट के पदाधिकारी और सदस्य।
उदयपुर में सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट (रजि) और ज्योतिबा फुले टी टी कॉलेज द्वारा समाज सुधारक, क्रांति सूर्य व सत्य शोधक महात्मा ज्योतिबा फुले की द्विशताब्दी वर्षगांठ समारोह अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। प्रवक्ता नरेश पूर्बिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को प्रातः 9 बजे ज्योतिबा फुले सर्कल, 100 फ़ीट रोड माली कॉलोनी उदयपुर पर आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले की तस्वीर पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर सभी समाज प्रतिनिधियों ने बारी-बारी से पुष्प अर्पित किए और उनके महान आदर्शों पर चलने की प्रेरणा ली।
महात्मा फुले का जीवन परिचय और समाज सुधार के संकल्प
संस्थापक दिनेश माली ने अपने उद्बोधन के दौरान महात्मा फुले के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि "महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 में पुणे में माता चिमण बाईं और पिता गोविंद राव के घर में हुआ। इनका परिवार फूलों का व्यवसाय करता था, इसलिए इनकी पीढ़ी 'फुले' के नाम से जानी जाने लगी।" दिनेश माली ने आगे कहा कि ज्योतिबा फुले बहुत बुद्धिमान, महान क्रांतिकारी, भारतीय विचारक, समाज सेवी, लेखक एवं दार्शनिक थे। सन् 1840 में इनका विवाह सावित्रीबाई फुले से हुआ था।
कुरीतियों के विरुद्ध आंदोलन और शिक्षा की अलख
उस समय महाराष्ट्र में जाति प्रथा बहुत ही वीभत्स रूप में फैली हुई थी और लोग महिला शिक्षा के प्रति पूर्णतः उदासीन थे, ऐसे कठिन समय में ज्योतिबा फुले ने समाज में फैली इन कुरीतियों को मिटाने के लिए व्यापक आंदोलन चलाया। इसी वैचारिक क्रांति के तहत फुले ने भारत का पहला बालिका विद्यालय पुणे में खोला। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी सावित्रीबाई फुले को स्वयं स्कूल शिक्षा देकर शिक्षिका बनाया, जिसके फलस्वरूप सावित्रीबाई फुले भारत की पहली महिला शिक्षिका बनीं। कार्यक्रम के दौरान एक विशेष आकर्षण चन्द्र प्रकाश चित्तोड़ा द्वारा रचित महात्मा ज्योतिबा फुले की सूक्ष्म पत्रिका का विमोचन भी रहा।
गणमान्य अतिथियों और समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम में सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट के अध्यक्ष लोकेश चौधरी, सूर्य प्रकाश सुहालका, नरेश पूर्बिया, हुक्मी चंद्र गर्ग, रमाकांत अजारिया, पी एस पटेल, बाल कृष्ण सुहालका, भेरु लाल भोई, भेरु लाल कलाल, डी पी लक्षकार, अशोक मेवाड़ा व प्रदेश युवा अध्यक्ष दिवाकर माली उपस्थित थे। महिला संगठन की ओर से प्रदेशाध्यक्ष मणी बेन पटेल, गंगा देवी माली, शर्मिला माली, पुजा टेलर, मंजू सुथार सहित सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
