उदयपुर के जेपी ऑर्थोपेडिक अस्पताल में चिकित्सकों के साथ हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना ने चिकित्सा जगत को स्तब्ध कर दिया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है, जिसमें राजस्थान आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नवीन गोयल सहित अन्य डॉक्टरों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। मेवाड़ जनशक्ति दल ने इस हिंसक कृत्य की घोर भर्त्सना की है।

मेवाड़ जनशक्ति दल का स्पष्ट मानना है कि डॉक्टर समाज के वे योद्धा हैं जो दिन-रात मानव जीवन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करते हैं। चिकित्सा उपचार के दौरान यदि कोई विवाद या असंतोष उत्पन्न होता है, तो उसका समाधान केवल कानून और संवाद के माध्यम से होना चाहिए, न कि हिंसा और अराजकता के जरिए। चिकित्सकों पर किया गया यह हमला न केवल किसी व्यक्ति विशेष पर प्रहार है, बल्कि यह पूरे स्वास्थ्य तंत्र और समाज की सुरक्षा व्यवस्था पर एक गहरा आघात है।

संगठन के संस्थापक नरेश शर्मा ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं चिकित्सा सेवाओं को बाधित करती हैं और डॉक्टरों के मनोबल को कमजोर करने का प्रयास करती हैं। मेवाड़ जनशक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल पालीवाल एवं राष्ट्रीय महामंत्री अतुल शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि संगठन इस कठिन समय में पूरे डॉक्टर समुदाय के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने घायल चिकित्सकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना में शामिल सभी दोषियों की अविलंब पहचान की जाए और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही, प्रदेश के समस्त अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story