झाड़ोल पुलिस ने मारपीट और लूट के मामले में फरार वारंटी को पकड़ा
थाना पुलिस ने 2018 के लूट और मारपीट मामले में दो वर्षों से फरार स्थाई वारंटी मांगीलाल को तकनीकी सहयोग से लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तार किया।

उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मारपीट और लूट के एक पुराने मामले में करीब दो वर्षों से फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेड़वाड़ा अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थाना अधिकारी फेलीराम मीणा के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश लगातार जारी थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मांगीलाल (उम्र 28 वर्ष), निवासी चतरपुरा, थाना झाड़ोल, के खिलाफ मारपीट और लूट से संबंधित मामला अतिरिक्त सेशन न्यायालय (महिला उत्पीड़न) उदयपुर में दर्ज था। प्रकरण संख्या 56/2018 (थाना प्र.सं. 42/2018) में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
लगातार आसूचना संकलन और तकनीकी सहयोग के माध्यम से पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना झाड़ोल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें थानाधिकारी फेलीराम मीणा, एएसआई सतीश चंद्र (विशेष भूमिका), एएसआई दिनेश कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र गवारिया, यशवंत सिंह और जीवन सिंह शामिल रहे।
लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के सतत प्रयास, आसूचना तंत्र और तकनीकी रणनीति की प्रभावशीलता को दर्शाती है, जिससे वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को महत्वपूर्ण मजबूती मिली है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
