उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले की झाड़ोल थाना पुलिस ने अपहरण, अमानवीय मारपीट और जबरन वसूली के सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए एक और आरोपी को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने युवक का अपहरण कर उसे नंगा कर पीटने और डरा-धमकाकर उसके खाते से पैसे ट्रांसफर करवाने के आरोप में बछार नाई निवासी पोपट उर्फ पप्पुलाल पुत्र चुन्नीलाल को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी फैलीराम के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।

घटनाक्रम के अनुसार, 15 मार्च को तलाई झाड़ोल निवासी अम्बालाल पुत्र राजमल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे जब वह गोराणा सामान खरीदने गया था, तब उसे पूर्व परिचित भैरा पुत्र हुरिया वडेरा मिला। भैरा के झांसे में आकर अम्बालाल उसके साथ चला गया, जहां आगे भैरा के 10-12 अन्य साथी बाइकों के साथ पहले से मौजूद थे। इन बदमाशों ने अम्बालाल को जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया, जबकि उसकी बाइक अन्य साथी ले गए। जब अम्बालाल के साथ मौजूद बलवीर और मनीष ने इस कृत्य का विरोध किया, तो आरोपियों ने तलवार और चाकू दिखाकर तीनों को जान से मारने की धमकी दी और चुप रहने को मजबूर कर दिया।

बदमाश पीड़ित को एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। आरोपियों ने अम्बालाल के कपड़े खुलवाकर उसे निर्वस्त्र कर दिया और लठ, क्लच वायर व अन्य घातक हथियारों से बेरहमी से मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने पीड़ित के बैंक खाते से अपने खाते में ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए। इस भयावह स्थिति के बीच अम्बालाल और बलवीर किसी तरह नग्न अवस्था में वहां से भागने में सफल रहे और डोडावली स्थित अपनी बहन के घर पहुंचे। वहां कपड़े पहनने के बाद बहन के मोबाइल से पिता को सूचित किया गया। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी भैरा उर्फ भेरिया वडेरा, विक्रम पारगी और जगदीश वडेरा को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है और अब पोपट की गिरफ्तारी के साथ ही अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story