उदयपुर जिले के झाड़ोल में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ खण्ड झाड़ोल द्वारा शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया तथा मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी झाड़ोल को ज्ञापन प्रेषित किया गया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाते हुए सरकार को चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी भी दी।

ज्ञापन सौंपने से पूर्व महासंघ के अध्यक्ष शेर सिंह राणावत की अध्यक्षता में गणपति मंदिर में सभा आयोजित की गई। सभा में प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर ग्रीष्मावकाश कटौती, संविदा शिक्षकों के नियमितीकरण, तृतीय श्रेणी से संबंधित सभी कैडर के शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति, वेतन विसंगति, आरजीएचएस योजना सहित नवक्रमोन्नत विद्यालयों में पद सृजित करने जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महासंघ पदाधिकारियों और शिक्षकों ने सरकार से समस्त समस्याओं के शीघ्र निराकरण की पुरजोर मांग की।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार शिक्षकों की मांगों पर सुनवाई नहीं करती है तो महासंघ द्वारा चरणबद्ध तरीके से जिला स्तर और राज्य स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रकाश भट्ट, मंत्री प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष नरेश कोड़िया, सभाध्यक्ष अमर सिंह, हीरा गायरी, तरुणा राठौड़, खुशबू, पुष्कर तेली, मोहन लोलावत, अनिल भट्ट, गुणवेंद्र सिंह, पवन जोशी, पंकज, भुवनेश पुरबिया, धुली लाल गरासिया, राजवीर, धर्मपाल, भूपेन्द्र सिंह, माधव लाल डूंगरी, नारायण लाल, दिनेश ओड़ा, गोपाल मेघवाल और सुरेश कुमार मेघवाल सहित खण्ड झाड़ोल के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

महासंघ के प्रदर्शन और ज्ञापन के जरिए शिक्षकों ने स्पष्ट संकेत दिया कि लंबित मांगों को लेकर अब आंदोलन तेज किया जाएगा तथा सरकार पर समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story