उदयपुर: झाड़ोल पुलिस ने 4 साल से फरार 2 वारंटियों को किया गिरफ्तार
विशेष अभियान के तहत मिली सफलता, कोर्ट से जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा।

झाड़ोल थाना पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे दो वांछित गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार गंभीर अपराधों में संलिप्त एवं लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों तथा अदालती वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी झाड़ोल बुद्धा राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए दोनों वारंटियों को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ सिविल एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, झाड़ोल द्वारा दोनों वांछित आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी बुधराम ने विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी सहयोग और धरातलीय मुखबिर तंत्र के सटीक समन्वय से लगातार प्रयास कर दोनों वांछित वारंटियों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस टीम ने उनके ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वारंटियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार किए गए वारंटियों में देवी लाल पुत्र कालू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ढंढावली, थाना झाड़ोल तथा शांतिलाल पुत्र नानू, उम्र 40 वर्ष, निवासी सराड़ित, थाना बाघपुरा शामिल हैं।
झाड़ोल थाना पुलिस की इस कार्रवाई से चार साल से फरार चल रहे दोनों गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ हुई है। पुलिस की यह कार्रवाई लंबे समय से फरार वांछित अपराधियों और अदालती वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
