उदयपुर में भरत हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार
दीपावली की रात लूट के इरादे से युवक की चाकू मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दबोचा।

उदयपुर जिले का झाड़ोल थाना दिख रहा है जहां पुलिस ने हत्या मामले में कार्रवाई की।
उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र में दीपावली की रात हुई खांखड़ हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में झाड़ोल थाना पुलिस ने फरार चल रहे आखिरी दो मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जिनमें 7 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। पुलिस पूर्व में ही इन सातों बालकों को डिटेन कर बाल संप्रेषण गृह भिजवा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, गोगला की नाल निवासी कालू लाल कसौटिया ने 09.11.2026 को झाड़ोल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र भरत 08 नवंबर (दीपावली) को अपनी बाइक लेकर झाड़ोल गया था, लेकिन रातभर घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह भरत का शव खांखड़ स्कूल के खेल मैदान की बाउंड्री के पास पड़ा मिला। उसकी बाइक नया गांव की तरफ खड़ी मिली थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए रजत विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खेरवाड़ा और विवेक सिंह, वृत्ताधिकारी वृत्त झाड़ोल के सुपरविजन में चन्द्रपाल सिंह, थानाधिकारी झाड़ोल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से फरार चल रहे शेष दोनों आरोपियों को डिटेन किया और उनसे गहन पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि दीपावली की रात करीब 9 से 10 बजे दोनों आरोपियों ने अपने बाल अपचारी साथियों के साथ मिलकर लूट की नीयत से भरत पर चाकू से हमला किया था। हमले में भरत की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने पूछताछ और जांच के दौरान जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवलचंद उर्फ नबला (26) पुत्र पन्नालाल वडेरा और कैलाश उर्फ राइका (21) पुत्र पन्नालाल वडेरा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी खांखड़, थाना झाड़ोल, जिला उदयपुर के निवासी हैं।
इस कार्रवाई में झाड़ोल थानाधिकारी चन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सतीशचन्द्र, कमल कुमार और उम्मेदराम, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह और किशनलाल, कांस्टेबल ओमप्रकाश, बालकृष्ण, मदनलाल, जितेन्द्र, चालक कांस्टेबल उमेशकुमार, रामेश्वर, लक्ष्मीलाल और शैलेश तथा महिला कांस्टेबल सविता और अंजू शामिल रहे। कार्रवाई में साइबर सेल उदयपुर के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह की भी भूमिका रही। सहायक उपनिरीक्षक सतीशचन्द्र, कांस्टेबल ओमप्रकाश, मदनलाल और जितेन्द्र ने विशेष भूमिका निभाई।
आखिरी दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही खांखड़ हत्या और लूट प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई पूरी हो गई है। मामले में अब तक गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों के साथ पुलिस ने वारदात के सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी कर दी है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
