उदयपुर जिले के थाना झाडोल अंतर्गत माण्डाखेत गांव में होली का त्योहार मनाने घर आ रहे एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी महेन्द्र खरवड को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रार्थी श्री लिम्बा राम पिता राम जी जाति कलावा, उम्र 38 साल, निवासी माण्डाखेत, पुलिस थाना झाडोल ने थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 2 मार्च 2026 को उनका पुत्र प्रथा लाल और सोमराज दोनों सूरत से होली का त्योहार मनाने के लिए शाम करीब 6 बजे पैदल घर आ रहे थे। रास्ते में वे गोपीलाल खरवड की किराणा की दुकान से घरेलू सामान खरीदने गए। "जैसे ही वे सामान लेकर निकले, तभी अभियुक्त महेन्द्र पिता नान जी खरवड, निवासी ढढावली फला माण्डाखेत वहाँ आया और आते ही मेरे पुत्र प्रथा लाल पर चाकू द्वारा ताबड़तोड़ हमला कर दिया।" बीच-बचाव के लिए आए सोमराज पर भी मुल्जिम महेन्द्र ने लठ से मारपीट कर उसे मारना चाहा, लेकिन सोमराज ने भागकर अपने प्राणों की रक्षा की।

घटना का वीभत्स दृश्य और चिकित्सा उपचार

जब प्रार्थी को घटना की जानकारी हुई और वे घटनास्थल पर पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि उनका पुत्र खून से लथपथ और नग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। उसे गंभीर हालत में इलाज हेतु सीएचसी झाडोल ले जाया गया। हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे एमबी हॉस्पिटल उदयपुर रेफर किया गया। "निजी वाहन द्वारा उदयपुर ले जाते समय इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई, जिसकी लाश जिला चिकित्सालय उदयपुर की मोर्चरी में रखी गई।" प्रार्थी के निवेदन पर पुलिस ने कानूनी कार्यवाही शुरू की।

पुलिस अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्य

पुलिस ने प्रकरण संख्या 43/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103 (1) में मामला दर्ज किया। प्रार्थी और गवाहों के बयान धारा 180 BNSS 2023 के तहत लेखबद्ध कर पत्रावली में शामिल किए गए। घटनास्थल का निरीक्षण मोबाइल एफएसएल यूनिट जिला उदयपुर से कराया गया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। मृतक प्रथा कलावा का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम (PM) कराया गया और शव अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सुपुर्द किया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने गहन अनुसंधान के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृताधिकारी विवेक सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी फैलीराम मीणा ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर आरोपी महेन्द्र खरवड (23 वर्ष), पेशा मजदूरी, को डिटेन किया। गहन पूछताछ के बाद जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर मुल्जिम महेन्द्र खरवड को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है जिससे आगे का अनुसंधान जारी है।

इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी फैलीराम मीणा, सउनि शंकरलाल, हैड कांस्टेबल रमेश कुमार (2226), कांस्टेबल बालकृष्ण (3196), भूराराम (3073), ओमप्रकाश (1173) और उमेश कुमार (2596) शामिल रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story