उदयपुर जिले के झाडोल थाना क्षेत्र में जमीन के एक पुराने विवाद ने गुरुवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खेत की मेड़ बनाने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक हो गई और दो सगे भाइयों के परिवारों ने एक-दूसरे पर लाठी और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि बीच-बचाव करने के प्रयास में एक पड़ोसी भी लहूलुहान हो गया।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोडवा फलां गोराणा निवासी भंवर लाल पुत्र केशुलाल तेली और उसके छोटे भाई मोहनलाल पुत्र केशुलाल तेली के बीच खेत को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। इससे पूर्व भी इन दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था, जो झाडोल थाने तक पहुंचा था। उस समय पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों में समझाइश कराई थी, लेकिन गुरुवार सुबह जब दोनों पक्ष अपने खेत पर मेड़ बना रहे थे, तब एक बार फिर पुरानी रंजिश ने तूल पकड़ लिया।

कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य भी शामिल हो गए और लाठियों व कुल्हाड़ियों से एक-दूसरे पर प्रहार किए। इस खूनी झड़प में एक पक्ष से भंवरलाल (65), उसकी पत्नी टीपू बाई (61) और बेटा हीरालाल (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से भाई मोहनलाल (63) और उसकी पत्नी गोपी बाई (60) चोटिल हुए। इस दौरान झगड़े को रोकने के लिए बीच-बचाव करने आए पड़ोसी नरेश पिता केशुलाल कसौटियां (22), निवासी चांगला को भी गंभीर चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही झाडोल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सरकारी जीप और निजी वाहनों की सहायता से झाड़ोल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोहनलाल, हीरालाल, टीपू बाई और गोपी बाई को उदयपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। झाडोल थानाधिकारी फेलीराम ने पुष्टि की है कि जमीनी विवाद के चलते दो भाइयों और उनके परिवारों में आपस में हिंसक मारपीट हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story