उदयपुर (नगर संवाददाता)। जिले के झाडोल उप कारागृह में मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां तीन कैदियों ने जेलर और जेल कर्मचारी द्वारा उनके साथ मारपीट करने और प्रताड़ित करने का प्रकरण दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव और एडीजे कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को झाडोल सब जेल का निरीक्षण किया था, जिसमें कुछ बंदियों ने एडीजे शर्मा को बताया था कि उनके साथ जेलर और जेल कर्मचारी द्वारा मारपीट की जाती है।

निरीक्षण के दौरान खुली पोल

निरीक्षण के समय कैदियों ने साहस दिखाते हुए अपनी आपबीती सुनाई। बंदियों ने बताया कि इस प्रताड़ना की वजह से उनके पीठ पर नील के निशान हो गए हैं। कैदियों ने अपने शरीर पर लगे चोट के निशान को एडीजे कुलदीप शर्मा को भी प्रत्यक्ष रूप से दिखाए।

पीड़ितों द्वारा दी गई रिपोर्ट

इसके बाद एडीजे कुलदीप शर्मा के निर्देश पर झाडोल जेल में बंद सुनील सिंह पुत्र अजमालसिह (निवासी देवगढ राजसमंद), आशिक पुत्र इनायत खान (निवासी वल्लभनगर) और शंकर लाल पुत्र सोहना (निवासी कांकरोली) ने डरते हुए रिपोर्ट दी। उनकी रिपोर्ट के अनुसार:

"वे सभी वर्तमान में उपकारागृह झाडोल में बंद है और इनके साथ उपकारापाल झाडोल और जेल के कर्मचारी दिनेश द्वारा मारपीट की जा रही हैं। मारपीट बिना किसी वजह से की जाती हैं, जिससे सभी को चोटें भी आई है।"

गाली-गलौज और पुलिस कार्रवाई

पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि साथ ही अन्य कैदियों द्वारा इन सभी को गालियां दी जा रही हैं। इस रिपोर्ट पर झाडोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन अब इस बात की तफ्तीश कर रहा है कि जेल परिसर के भीतर इस प्रकार की अमानवीय घटना किन परिस्थितियों में घटित हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story