उदयपुर: झाड़ोल में हाईवे लूट का एक और वांछित आरोपी गिरफ्तार
झाड़ोल पुलिस ने राहगीरों से तलवार की नोक पर हुई लूट के मामले में शातिर आरोपी ईश्वर को पकड़ा है। मुख्य सरगना सहित तीन आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं।

उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों से तलवार व चाकू की नोक पर मारपीट कर लूट की वारदात में शामिल एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई तथा वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी झाड़ोल बुद्धाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मामले के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को प्रार्थी मुकेश कुमार सोनी निवासी झाड़ोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अगस्त 2026 की रात करीब 9:10 बजे वह अपनी बहन के साथ बाइक से उदयपुर से झाड़ोल आ रहा था। उण्डावेला के पास तीन बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तलवार व चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने प्रार्थी पर तलवार से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसका पर्स, मोबाइल, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड तथा उसकी बहन के गले से 2 तोले का सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। पर्स में करीब 13,000 रुपये नकद थे। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 146/2026 में धारा 309(4), 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक किशोर को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया था।
प्रकरण में वांछित आरोपी की तलाश के लिए थानाधिकारी बुद्धाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की पुख्ता सूचना पर दबिश देकर लूट की वारदात में वांछित चल रहे शातिर आरोपी ईश्वर को डिटेन किया। पूछताछ में जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी ईश्वर को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और लूटे गए माल के संबंध में अनुसंधान कर रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
