उदयपुर के झाडोल तहसील अंतर्गत ग्राम अदकालिया में मुख्य बस्ती और मंदिर के समीप संचालित शराब की दुकान को हटवाने की मांग को लेकर समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने आबकारी अधिकारी और उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि ग्राम में आबकारी विभाग से आवंटित शराब की दुकान मुख्य क्षेत्र में स्थित है, जहाँ शीतला माताजी का मंदिर होने के साथ-साथ ग्रामीणों की दिनचर्या के मुख्य रास्ते भी हैं।

धार्मिक आस्था और सुरक्षा पर संकट

ग्रामवासियों का कहना है कि "दुकान के पास ही शीतला माता का मन्दिर स्थित होने से ग्रामवासियों की आस्था को ठेस पहुंच रही है और असामाजिक तत्व आपस में लड़ाते हैं, गाली गलौच करते हैं तथा अभय भाषा का प्रयोग करते हैं, कुछ कहने या समझाने पर वे लड़ाई झगडे को आतुर हो जाते हैं।" ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय और अनेक मंदिर पास होने के बावजूद यहाँ बाहरी व्यक्तियों द्वारा बाइक स्टंट करना, हुड़दंग मचाना और तलवारें लहराने जैसी घटनाएं की जा चुकी हैं, जिससे भय का माहौल बना रहता है।

महिलाओं और आमजन की बढ़ती मुश्किलें

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि दिन भर शराबी लोग दुकान के सामने झुण्डों के रूप में जमा रहते हैं, जिससे आम लोगों तथा विशेषकर महिलाओं को गुजरने में डर बना रहता है। "देर शाम को वहां से गुजरने पर असामाजिक तत्वों द्वारा माताओं बहनों पर फब्तियां कसते हैं और उनको छेडने का प्रयास करते हैं, जिसके कारण तमाम काम के बाद माताओं-बहनों का बाहर निकलना मुश्किल भरा रहता है।" इसके अलावा, असामाजिक तत्वों द्वारा खुले में शराब पीकर कांच की बोतलें सड़क पर फोड़ने से लोगों के घायल होने और वाहनों के पंचर होने का खतरा बना रहता है।

नियमों की अवहेलना और प्रशासन को अल्टीमेटम

ग्रामीणों ने शिकायत की है कि यह दुकान नियमों के विरूद्ध प्रातः 8 बजे से रात्रि 10.30 बजे तक संचालित हो रही है और इसे लेकर ग्रामवासियों में भारी आक्रोश एवं रोष व्याप्त है। पूर्व में भी इस संबंध में ज्ञापन दिए गए थे, लेकिन धरातल पर कोई नतीजा नहीं निकला। यदि दुकान को मुख्य बस्ती से अन्यत्र स्थानान्तरित नहीं किया जायेगा तो ग्रामवासियों द्वारा उग्र आन्दोलन किया जावेगा। इस मामले की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, उपजिला अधीक्षक और थानाधिकारी झाडोल को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है ताकि नवीन आवंटित दुकान मुख्य बस्ती में न खुले और शांति बनी रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story