उदयपुर जिले के थाना झाडोल क्षेत्र में हाईवे पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों की खुली अवहेलना के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 10 पावर बाइक्स जब्त कर कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुष्ठन के निर्देशानुसार श्रीमती अंजना सुखवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा तथा श्री विवेक सिंह राव, वृताधिकारी झाकोल के सुपरविजन में श्री फैलीराम नौणा, थानाधिकारी झाकोल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा झाडोल थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया।

इस अभियान के तहत थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न नाकों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों और हाईवे पर स्टंट करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए मौके से कुल 10 पावर बाइक्स जब्त की गईं।

जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के प्रमुख कारणों में अत्यधिक गति से वाहन चलाना, सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग शामिल रहे। इसके अतिरिक्त कई चालकों के पास वैध दस्तावेजों का अभाव पाया गया, जिनमें आरसी, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ वाहनों में निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाना और ट्रिपल राइडिंग जैसे गंभीर उल्लंघन भी पाए गए।

उदयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना लाइसेंस और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों, विशेष रूप से हेलमेट के, वाहन न चलाएं। स्टंटबाजी कर स्वयं और अन्य लोगों की जान जोखिम में न डालें तथा वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन, विशेषकर साइलेंसर, न करवाएं। पुलिस ने यातायात नियमों के सख्त पालन पर जोर देते हुए चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस अभियान में टीम प्रभारी श्री फेलीराम मीणा, थानाधिकारी झाडोल के साथ श्री शंकरलाल स.उ.नि., श्री दिनेश कुमार स.उ.नि., श्री सुखदेव कानि. 2218, श्री रौनक कानि. 1883, श्री ओमप्रकाश कानि. 1173, श्री मदनलाल कानि. 2800 तथा श्री उमेश कुमार कानि. 2596 शामिल रहे। यह कार्रवाई न केवल यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त प्रयास भी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story