थाना झाडोल क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से दहशत फैलाने वाले “कोबरा किंग” गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य ऑपरेटर प्रवीण उर्फ कोबरा को अवैध तलवार सहित गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशों के तहत की गई, जिनमें सोशल मीडिया पर सक्रिय हिस्ट्रीशीटर व आपराधिक प्रवृति के बदमाशों पर सतत निगरानी रखने के आदेश दिए गए थे।

इसी क्रम में श्रीमती अंजना सुखवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाडा तथा श्री विवेकसिंह, वृताधिकारी वृत झाडोल के सुपरविजन में थाना झाडोल के थानाधिकारी श्री फेलीराम मीणा ने अपनी टीम के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय गैंग्स की निगरानी तेज की। जांच के दौरान “कोबरा किंग” नाम से संचालित गैंग पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया, जिसके मुख्य संचालक प्रवीण उर्फ कोबरा पिता राजमल, उम्र 23 वर्ष, निवासी चुतरपुरा थाना झाडोल जिला उदयपुर को चिन्हित किया गया।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रवीण उर्फ कोबरा को अवैध तलवार के साथ डिटेन किया और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी “कोबरा किंग” नाम से गैंग बनाकर सोशल मीडिया पर अवैध धारदार हथियारों के साथ आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड करता था, जिससे आम लोगों में भय का माहौल उत्पन्न होता था। आरोपी से गैंग के अन्य सदस्यों के संबंध में भी अनुसंधान जारी है।

इस कार्रवाई में टीम प्रभारी श्री फेलीराम मीणा, थानाधिकारी झाडोल के साथ श्री शंकरलाल स.उ.नि., श्री सुखदेव कानि. 2218, श्री यशवंतसिंह कानि. 3359 और श्री उमेश कुमार कानि. 2596 की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश गया है, साथ ही सोशल मीडिया के दुरुपयोग के खिलाफ कड़ी चेतावनी भी दी गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story