उदयपुर: महावीर जन्म कल्याणक पर जैन समाज का भव्य डांडिया महोत्सव आयोजित
महावीर जैन परिषद के तत्वावधान में सैकड़ों महिलाओं ने शासन देवियों की स्तुति में नृत्य कर बनाया इतिहास, विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार।

उदयपुर। महावीर जैन परिषद के तत्वावधान में श्रमण भगवान महावीर स्वामी के 2625 वें जन्म कल्याणक महोत्सव के 20 दिवसीय आयोजनों की श्रृंखला में बुधवार को सकल जैन समाज की सैकड़ों महिलाओं ने जिन शासन की देवियों और तीर्थंकरों की माताओं को समर्पित जैन गरबा रम कर नया इतिहास का सृजन किया है। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने पारंपरिक डांडिया और गरबा प्रस्तुतियां दीं। डांडिया रास की धुनों पर युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी झूमते नजर आए।
सांस्कृतिक समृद्धि और भक्ति का संगम
महावीर जैन परिषद के मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि "भारतीय जैन संघटना एवं जैन जागृति सेन्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जैन डांडिया महोत्सव में पारंपरिक रंगों, उत्साह और सांस्कृतिक समृद्धि का भव्य संगम देखने को मिला।" आयोजन में समाज के सभी वर्गों बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गरबा-डांडिया की ताल पर जमकर थिरके। वहीं जैन आगम के अनुसार प्रत्येक 24 तीर्थंकरों के अलग-अलग शासन देव और शासन देवियां होती है। उन्हीं की स्तुति में जैन समाज की महिलाओं ने 15-15 के ग्रुप बनाकर आकर्षक रूप से गरबा रमते हुए सैकड़ों दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।
कुण्डलपुर बनी झीलों की नगरी में गूंजे महावीर के जयकारे
भारतीय जैन संघटना लेडीज विंग अध्यक्षा मीना कावडिय़ा व जेजेसी लेडिज विंग की अध्यक्ष नीता छाजेड़ ने बताया कि उदयपुर बने कुण्डलपुर में जैन समाज की युवतियां एवं विवाहिताओं ने एक जैसे परिधान पहनकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक पर आयोजित गरबा डांडिया में "महावीर बोलो सारे महावीर बोलो... वाग्यो रे ढोल बाजे वाग्यो रे ढोल...आयो रे शुभ दिन आयो रे... नगरी धन्य बनी आज ढोल बाजे" गीतों पर जमकर जैन गरबा नृत्य किया।
विजेताओं का सम्मान और पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता में निर्णायक पुष्पा पटेल और कल्पना जोशी द्वारा दिए निर्णय के अनुसार प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले ग्रुप को क्रमश: 15000, 11000 व 7000 के नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
