उदयपुर: महावीर जैन परिषद के महोत्सव में महिलाओं ने दी राजस्थानी नृत्य प्रस्तुतियां
श्रमण भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिता में सकल जैन समाज के 20 महिला मंडलों ने लोकगीतों पर सांस्कृतिक रंग बिखेरा।

उदयपुर में श्रमण भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित 20 दिवसीय आयोजनों की श्रृंखला के अंतर्गत राजस्थानी गीतों पर भव्य नृत्य प्रतियोगिता संपन्न हुई। सकल जैन समाज उदयपुर की प्रतिनिधि संस्था महावीर जैन परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में परंपरा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां महिलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राजस्थानी परंपरा और सांस्कृतिक समृद्धि का संगम
महावीर जैन परिषद के मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि 100 फीट रोड स्थित शुभ केसर गार्डन में भारतीय जैन संघटना लेडिज विंग एवं जैन जागृति सेन्टर लेडिज विंग के संयुक्त तत्वावधान में इस नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस भव्य प्रतियोगिता में जैन समाज की महिलाओं ने 20-20 सदस्यों के 20 ग्रुप बनाकर आकर्षक रूप से राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किए और अपनी सांस्कृतिक जड़ों की खूबसूरती को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी लोकगीतों की मधुर धुनें गूंजती रहीं।
महिला मंडलों की मनमोहक प्रस्तुतियां
भारतीय जैन संघटना लेडीज विंग अध्यक्षा मीना कावडिय़ा व जेजेसी लेडिज विंग की अध्यक्ष नीता छाजेड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभा बहु मण्डल ग्रुप ने "जट चौमासो लाग्यो रे...", जैन जागृृति महिला मंच गु्रप ने "चूडी चमके रे...", सुभाष नगर महिला प्रकोष्ठ ग्रुप ने "थाने काजलिया बनालू...", जेएसीजी प्लेटिनम ग्रुप ने "टूटे बाजू बंध री लूम...", बीजेएस लेडिज विंग ग्रुप ने "पल्लो लटके रे मारो...", वण्डर वुमेन र्ग्रुप ने "चीरमी रा डाला चार...", ओसवाल क्वीन्स ग्रुप ने "माथे साजे बोरलो, पेरा में पायल...", श्रमण संघ महिला मण्डल सेक्टर 4 ग्रुप ने "मिश्री का बाग लगा दे", जेजेसी क्वीन गु्रप ने "म्हारे लेहरिया रा नौ सो रूपया रोकडा सा...", चित्तौडा महिला मण्डल ग्रुप ने "मिश्री सु मिठी बाता थारी...", त्रिशला महिला मण्डल ग्रुप ने "आया आया तीज त्योहार...", महावीर जैन श्वेताम्बर महिला मण्डल से. 14 ने "ओर रंग दे ओजू रंगे दे...", सास बहू बेटी दशा नरसिंहपुरा समाज से. 3,4,5 ग्रुप ने "गोरबंध नखरालो...", शांतिनाथ कांच मंदिर अशोक नगर ग्रुप ने "मेहंदी राचण लागी...", हमराही मण्डल ग्रुप ने "कालिया कूद पड्यो मेला में..." व पारसनाथ महिला मण्डल ग्रुप ने "म्हारे हथेलिया रे बीच छाला" आदि गीतों पर रंगारंग प्रस्तुति दी।
विजेताओं का सम्मान और अतिथि स्वागत
भारतीय जैन संघटना के अध्यक्ष दीपक सिंघवी व जेजेसी अध्यक्ष अरूण मेहता ने बताया कि जैन गरबा और डांडिया समारोह में कार्यक्रम के प्रायोजक कपिल-अंंजली सुराणा व सम्मानीय अतिथियों का स्वागत किया गया। संघटना के कार्यकारी अध्यक्ष भूपेन्द्र गजावत व जेजेसी कार्यकारी अध्यक्ष नितिन लोढ़ा ने जानकारी दी कि निर्णायक दीपक दीक्षित व अशोक राव द्वारा दिए गए निर्णय के आधार पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले समूहों को क्रमशः 15000, 11000 व 7000 रुपये के नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस अवसर पर राजकुमार फत्तावत, कुलदीप नाहर, यशवंत आंचलिया, जेएसजी मेवाड़ रीजन चेयरमैन अरुण मांडोत, अशोक कोठारी, विजयलक्ष्मी गलुण्डिया, नितिन लोढ़ा, भूपेंद्र गजावत, ललित कोठारी, वीरेंद्र महात्मा, सोनल सिंघवी, प्रिया झगड़ावत, नीतू गजावत, रचिता मोगरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विवरण
भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को भी स्थानीय शुभ केसर गार्डन में शाम 6.30 बजे से विभिन्न महिला संगठनों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर जारी रहेगा। श्री महावीर युवा मंच संस्थान महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा सोनल सिंघवी और महामंत्री प्रिया झगड़ावत ने बताया कि इस कड़ी में सकल जैन समाज के विभिन्न महिला संगठनों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
