जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी किशनलाल को जंगल जाते समय पकड़ा।

उदयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन द्वारा अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झाडोल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जंगल की ओर अवैध टोपीदार बंदूक लेकर जा रहे एक आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती अंजना सुखवाल (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खेरवाड़ा) एवं श्री विवेक सिंह (वृत्ताधिकारी, वृत्त झाडोल) के सुपरविजन में झाडोल थानाधिकारी श्री फैलीराम मीणा को मुखबिर से सूचना मिली कि साण्डोल माता नर्सरी के पास नाले की तरफ एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में टोपीदार बंदूक लिए जंगल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर पीछा करते हुए उक्त व्यक्ति को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम किशनलाल पिता मांगीलाल वडेरा, उम्र 20 साल, निवासी लुणावतो का खेड़ा, थाना झाडोल बताया। जब पुलिस ने उससे बंदूक के वैध लाइसेंस और कागजात मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके पर ही अवैध टोपीदार बंदूक को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर आरोपी किशनलाल को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना झाडोल पर प्रकरण संख्या 73/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी फैलीराम मीणा, सहायक उप निरीक्षक सतीश चन्द्र, कॉन्स्टेबल रौनक पाटीदार (नंबर 1693), कॉन्स्टेबल भूरा राम (नंबर 3073, जिनकी विशेष भूमिका रही) और चालक कॉन्स्टेबल उमेश कुमार (नंबर 2596) शामिल रहे। पुलिस की इस तत्परता ने क्षेत्र में अवैध हथियारों के संचालन पर लगाम लगाने का कड़ा संदेश दिया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story