उदयपुर: अंबामाता में युवक ने होटल संचालक की कार का शीशा तोड़ा
जाड़ा गणेशजी चौक पर जाम के दौरान युवक ने पत्थर मारकर तोड़ी कार, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप।

उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में एक युवक ने सरेआम उत्पात मचाते हुए एक होटल संचालक की कार पर पत्थर मारकर कांच फोड़ दिया। पत्थर कार के पिछले कांच पर मारा गया, जिसकी पूरी घटना होटल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान वहां पर पुलिस जवान भी मौजूद थे, पर पुलिस जवानों ने कुछ नहीं किया और आरोपी को रोकने की जहमत तक नहीं उठाई।
जाम के दौरान गाली-गलौज और हमला
जानकारी के अनुसार जाड़ा गणेशजी चौक स्थित होटल दुर्ग विला के बाहर बुधवार रात 10.30 बजे होटल मंदिरम पैलेस के मालिक आशीष रामस्नेही की कार का कांच फोड़ दिया गया। होटल संचालक आशीष रामस्नेही ने बताया कि ओल्ड सिटी के इस एरिया में आसपास बड़ी संख्या में होटल-रेस्टोरेंट हैं और शाम होते ही यहां भारी जाम लगता है। बुधवार रात उनकी कार भी इसी जाम में खड़ी थी। तभी एक व्यक्ति वहां अपना स्कूटर लेकर आया और स्कूटर पास खड़ा कर उनकी कार का गेट खोल दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई पुलिस की लापरवाही
आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए आशीष से कार हटाने को बोला, जबकि आगे लंबा जाम लगा था। आशीष रामस्नेही ने बताया कि "उसने कार हटाने का प्रयास किया, तभी उस व्यक्ति ने पीछे के कांच पर एक भारी पत्थर मार दिया, जिससे पीछे का कांच फूट गया।" उसी समय पास ही में पुलिस की एक महिला और एक पुरुष जवान तैनात था, लेकिन उन्होंने आरोपी को नहीं पकड़ा और उसे जाने दिया। ये घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में साफ दिख रही है कि उस समय वहां पुलिस जवान भी तैनात थे।
नशे में धुत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
वहां उपस्थित लोगों का आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में था और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बेखौफ होकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद कार मालिक आशीष रामस्नेही ने अंबामाता थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित रिपोर्ट दी है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में पुलिस की इस निष्क्रियता को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
