उदयपुर। राजस्थान की झीलों की नगरी उदयपुर में हनीट्रैप के जरिए लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शहर की सुखेर थाना पुलिस ने एक युवक को प्रेम जाल में फंसाकर, उसका अपहरण करने और फिर सोने के जेवरात सहित नकदी लूटने के आरोप में एक युवती और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने न केवल युवक के साथ मारपीट की, बल्कि रात भर उसे बंधक बनाकर फिरौती की भी मांग की।

मामले का विवरण देते हुए सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मानवाखेड़ा निवासी विष्णु लाल पुत्र मिठाराम पटेल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पीड़ित के अनुसार, बीती 27 अप्रैल की रात करीब 11 बजे सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी बातचीत चेरी पटेल नामक युवती से हुई। युवती ने उसे मिलने के बहाने सुखेर बुलाया। जैसे ही विष्णु वहां पहुंचा, युवती के पीछे से अचानक 8-10 युवक आए और उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उसके गले की सोने की चैन, अंगूठी और 11 हजार रूपए नकद लूट लिए।

वारदात यहीं नहीं रुकी; आरोपी युवक को अपनी गाड़ी में डालकर रात भर शहर में इधर-उधर घुमाते रहे और विभिन्न स्थानों पर रुककर नशा करते रहे। अगली सुबह आरोपियों ने पीड़ित का फोन चालू करवाकर उससे 5 लाख रूपए की मांग की। अपनी जान बचाने के लिए विष्णु ने जैसे-तैसे 50 हजार रूपए की व्यवस्था की और देहलीगेट स्थित मंगलम ई-मित्र से उक्त राशि विड्रोल करवाकर आरोपियों को दी। इसके बावजूद आरोपियों ने उसे पुनः कार में बिठाकर मारपीट की और शेष राशि दो दिन में देने का दबाव बनाया। अंततः आरोपी उसे गोवर्धनविलास ऑडी शोरूम के सामने जान से मारने की धमकी देकर उतार कर फरार हो गए।

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनु डांगी उर्फ चेरी पुत्री भैरूलाल डांगी (निवासी मंदसौर, हाल सर्वऋतु विलास सूरजपोल) और उसके साथी हिम्मत सिंह पुत्र फतहसिंह राठौड़ (निवासी झाडोल, हाल सूरजपोल) को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन और अंगूठी बरामद कर ली है। जांच में सामने आया कि आरोपी अनु डांगी अपने पति को छोड़कर हिम्मत सिंह के साथ लिव-इन में रह रही थी। वह सोशल मीडिया पर युवकों को झांसे में लेकर मित्रता करती थी और फिर एकांत में बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट को अंजाम देती थी। वर्तमान में पुलिस ने हिम्मत सिंह को रिमांड पर लिया है, जबकि महिला आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story