उदयपुर। शहर के हाथीपोल थाना क्षेत्र में होमगार्ड के कमांडेंट ने एक युवक के खिलाफ अपने आप को अनुबंधित कंपनी का कर्मचारी बताकर भर्ती प्रक्रिया में आ रहे अभ्यर्थियों को गुमराह करने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार होमगार्ड के कमाण्डेंट प्रणय पुत्र नवीन जसोरिया निवासी आकाश गंगा अपार्टमेंट सेक्टर 14 सविना पावर हाउस ने मामला दर्ज करवाया कि वह 16 मार्च से गांधी ग्राउण्ड में चल रही होमगार्ड नामांकन बोर्ड का चेयरमैन हैं। इस बोर्ड में उसके अलावा तीन अन्य सदस्य भी हैं।

गांधी ग्राउंड में सुबह 4 बजे से चल रही थी नामांकन प्रक्रिया

16 मार्च से शुरू इस नामांकन प्रक्रिया में प्रतिदिन अभ्यार्थी प्रात: 4 बजे प्रवेश के लिए गांधी ग्राउण्ड के नामांकन के लिए लवकुश स्टेडियम की तरफ प्रवेश द्वार पर आ जाते है, जहां अभ्यार्थियो के प्रवेश पत्र व पहचान पत्र देख कर प्रवेश दिया जाता हैं। 29 मार्च को सिरोही व उदयपुर जिले की महिला अभ्यार्थियो की शारीरिक दक्षता व शारीरिक नाप तौल किया जाना था, जिसमें 267 महिला अभ्यार्थीयो ने प्रवेश लिया था।

कंपनी से निकाले गए कर्मी की संदिग्ध गतिविधि आई सामने

वहां पर अचानक से अंशु कुमार जो इस नामांकन प्रक्रिया के लिए अनुबंधित कंपनी टाईमिंग टेक्नोलोजी प्राईवेट लिमिटेड़ का कर्मचारी है ने उसके हैड जेबी खान को बताया कि नामांकन की शुरूआत में कंपनी में काम के लिए आया नरेश मेनारिया जिसको 18 मार्च को निकाल दिया था वह ग्राउण्ड में घुसकर एक महिला अभ्यार्थी को बिना परमिशन के चिप लगा रहा है। जिस पर इसे बुलाकर पूछताछ की तो इसने अपना नाम नरेश पुत्र बद्रीलाल मेनारिया निवासी मेनार खैरोदा ने बताया कि "वह मेडिकल टीम का सदस्य है और एम्बुलेंस के साथ आया है।" जब मेडिकल टीम से पूछताछ की तो उन्होंने इसके साथ होने से इंकार कर दिया।

बहन ने भी पहचानने से किया इनकार, पुलिस जांच शुरू

इस पर फिर से नरेश मेनारिया से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी बहन ज्योति का फिजिकल टेस्ट होना है, जिस पर ज्योति मेनारिया नाम की अभ्यार्थी को बुलाकर उससे पूछताछ की तो उसने इसे पहचानने से ही इंकार कर दिया। बाद में उसने बताया कि "नरेश उसका भाई है तथा उसने उसे बताया था कि उसकी यहां कि टेक्निकल टीम में नौकरी है।" इस युवती को नहीं पता था कि इसे 18 मार्च को निकाल दिया था। इसने नौकरी होने की बात बताकर ग्राउण्ड में प्रवेश किया है। इस पर चेयरमैन व अन्य सदस्यों ने नरेश मेनारिया से पूछताछ कि तो यह आने का कारण नहीं बता पाया। इस तरह से आरोपी अपने आप को कंपनी का कर्मचारी बताकर भर्ती प्रक्रिया में आ रहे अभ्यर्थियों को गुमराह कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story