हिरोशिमा दिवस पर उदयपुर में विश्व शांति के समर्थन और युद्ध विरोध में निकला जुलूस, हुई सभा
उदयपुर में हिरोशिमा दिवस पर नागरिक एवं जनसंगठनों के साझा मंच की ओर से विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण और अन्यायकारी युद्धों के विरोध में टाउन हॉल से दिल्ली गेट तक जुलूस निकाला गया। सभा में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और युद्ध विरोध का संदेश दिया।

तस्वीर में उदयपुर की सड़क पर हाथों में बैनर लेकर विश्व शांति और पर्यावरण सुरक्षा के नारे लगाते हुए मार्च निकालते नागरिक और जनसंगठन के प्रतिनिधि नजर आ रहे हैं।
उदयपुर, 6 अगस्त। नागरिक एवं जनसंगठनों के साझा मंच के तत्वावधान में हिरोशिमा दिवस के अवसर पर नगर में विश्व शांति की स्थापना, पर्यावरण की सुरक्षा तथा अन्यायकारी युद्धों के विरोध में टाउन हॉल से एक जुलूस निकाला गया। यह जुलूस सूरजपोल, बापू बाजार होते हुए दिल्ली गेट चौराहे तक पहुंचा।
जुलूस में विभिन्न जनसंगठनों के प्रतिनिधि एवं नागरिक हाथों में साम्राज्यवाद और युद्ध विरोधी तख्तियां लेकर दो-दो की कतार में नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच प्रचार पर्चे भी वितरित किए।
दिल्ली गेट स्थित शांति आनंदी चौराहे पर आयोजित सभा की शुरुआत मंच के संयोजक मन्नाराम डांगी ने जुलूस के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए की। इसके बाद भाकपा (माले) के शंकर लाल चौधरी, माकपा के हीरालाल सालवी, अखिल भारतीय किसान सभा की लीला देवी, पत्रकार हिम्मत सेठ, बोहरा यूथ के आबिद अदीब, मल्ला तलाई के पार्षद हिदायतुल्लाह, पीयूसीएल के अरुण व्यास तथा भाकपा के हिम्मत चांगवाल ने अपने विचार व्यक्त किए।
सभा के अंत में अशोक 'मंथन' ने युद्ध विरोधी कविता का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन जनवादी मजदूर यूनियन के डी.एस. पालीवाल ने किया। विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण और अन्यायकारी युद्धों के विरोध के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
