उदयपुर: हस्तीमल व्याख्यानमाला में संविधान की प्रस्तावना पर होगी चर्चा
पाथेय कण संस्थान और विश्व संवाद केंद्र के आयोजन में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम में देहदानियों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा।

तस्वीर में पोडियम पर खड़े होकर भाषण देते हनुमान सिंह राठौड़ दिख रहे हैं।
उदयपुर में 13 सितंबर रविवार को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के प्रारंभिक शब्द ‘हम भारत के लोग’ को केंद्र में रखकर हस्तीमल व्याख्यानमाला का प्रथम व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। पाथेय कण संस्थान एवं विश्व संवाद केन्द्र समिति के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह कार्यक्रम सहआयोजक रवीन्द्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय उदयपुर के मुख्य सभागार में आयोजित होगा।
व्याख्यानमाला के माध्यम से भारतीय संविधान में निहित लोकतांत्रिक स्वरूप, सामूहिक चेतना, नागरिक दायित्व और एकात्म भाव को समाज से जोड़ते हुए सार्थक वैचारिक संवाद की पहल की जाएगी। संविधान के शब्दों ‘हम भारत के लोग’ में निहित इन भावों को व्याख्यान के केंद्र में रखा गया है।
कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पाथेय कण संस्थान के अध्यक्ष एवं हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नंदकिशोर पाण्डेय करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक विकास छाजेड़ ने बताया कि कीर्तिशेष हस्तीमल हिरण का जीवन समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और दायित्वबोध का प्रेरक उदाहरण रहा है। उनके जीवन में सामाजिक सरोकारों के साथ संतों एवं समाज के विभिन्न वर्गों से आत्मीय जुड़ाव रहा। कीर्तिशेष हिरण ने अपने 75वें जन्मदिवस पर नेत्रदान एवं देहदान का संकल्प लिया था। उनके निधन के पश्चात उनके नेत्र तथा देह चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के लिए रवीन्द्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के शरीर रचना विभाग को समर्पित किया गया। उनके संकल्प और उसके पालन को समाज के लिए सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा के रूप में देखते हुए इसी भावना को व्याख्यानमाला के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पिछले वर्ष 2025 व 2026 में देहदान कर चुके दिवंगत व्यक्तियों के परिवारजन का सम्मान भी किया जाएगा। आरएनटी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय उदयपुर के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने बताया कि देहदान के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा एवं समाज के लिए योगदान देने वाले इन परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। साथ ही कार्यक्रम में अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर भारतीय संविधान पर विशेष चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। संविधान की मूल भावना एवं उसके विभिन्न पक्षों को समाज के सामने रखने वाली यह प्रदर्शनी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रकाशकों एवं लेखकों का साहित्य भी कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध रहेगा। इस तरह हस्तीमल व्याख्यानमाला का पहला आयोजन संविधान, सामाजिक दायित्व, सेवा और समर्पण से जुड़े विचारों को एक मंच पर सामने रखेगा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
