मेवाड़ी मान, स्वाभिमान, शौर्य और बलिदान की गौरवगाथा अब चित्रों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगी। हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के अंतर्गत सोमवार 15 जून से उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम स्थित गांधी ग्राउंड में तीन दिवसीय भव्य चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन सायंकाल होगा। इसी अवसर पर हल्दीघाटी विजय पर निर्मित लघु फिल्म के पोस्टर का भी लोकार्पण किया जाएगा। 17 जून को आयोजित होने वाली विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में गत एक वर्ष से मनाए जा रहे हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत आयोजित यह प्रदर्शनी 17 जून तक चलेगी। इसी दिन होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत संबोधित करेंगे। प्रदर्शनी के लिए 60 गुणा 80 फीट आकार का विशेष डोम तैयार किया गया है। प्रदर्शनी में प्रवेश गुरु गोविन्द सिंह स्कूल की ओर स्थित द्वार से होगा।

प्रदर्शनी संयोजक डॉ. रमन सूद ने बताया कि प्रदर्शनी में कुल 51 चित्र हल्दीघाटी युद्ध तथा उससे पूर्व हुए जौहर और साकों की गौरवगाथा को दर्शाएंगे। इसके अतिरिक्त 68 चित्र उदयपुर शहर की विभिन्न गलियों, मोहल्लों और बाजारों के इतिहास को जीवंत करेंगे। वहीं 50 चित्र ऐसे होंगे जिन्हें गत वर्षों में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यशालाओं में शहर और देशभर से आए चित्रकारों ने अपनी कूंची से उकेरा था।

प्रताप गौरव शोध केन्द्र के निदेशक डॉ. विवेक भटनागर ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान इतिहासविद डॉ. हुकुम जोशी, प्रो. पी.एम. यादव, डॉ. बालूदान बारहठ और लव वर्मा आमजन को चित्रों के माध्यम से मेवाड़ के शौर्यपूर्ण इतिहास, नगर नियोजन, जल प्रबंधन, शिल्प ज्ञान, पर्यावरण तथा कृषि इतिहास की जानकारी प्रदान करेंगे।

हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर 16 जून को सायंकाल 5:15 बजे प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में स्थापित 57 फीट ऊंची बैठक प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा।

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल ने बताया कि 17 जून को होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। सोमवार से गांधी ग्राउंड में सूचना एवं समन्वय कार्यालय भी प्रारंभ किया जाएगा। इससे पूर्व प्रताप गौरव केन्द्र परिसर में एक कार्यालय संचालित हो रहा है। महाराणा भूपाल स्टेडियम के भण्डारी दर्शक मंडप में आयोजित बैठक में भोजन वितरण, पार्किंग, सुरक्षा, आवागमन, चिकित्सा और पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक धर्मेन्द्र, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा तथा प्रबंध प्रमुख नारायण गमेती सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह को लेकर प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ भी नए स्वरूप में निखर रहा है। पिछले पखवाड़े से चल रहे रंगरोगन कार्य के कारण परिसर की आभा और बढ़ गई है। रविवार को परिसर के भीतर सीसी सड़कों की मरम्मत की गई, जबकि बाहर सड़क पर पेवरीकरण का कार्य भी कराया गया। मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, बलिदान और राष्ट्र चेतना को समर्पित यह आयोजन उदयपुर में ऐतिहासिक जनभागीदारी का साक्षी बनने जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story