उदयपुर। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है, जहाँ एक वृद्धा के अपने ही पोते और दोहिते ने मिलकर घर के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुखेर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया सोना बरामद करने में सफलता हासिल की है।

थानाधिकारी भरत योगी के अनुसार, पीड़िता अनिता पत्नी बंशीलाल निवासी सुखेर ने थाने में मामला दर्ज करवाया था कि बीती 28 अप्रैल को उनके घर की अलमारी से कीमती जेवरात और नकदी गायब हो गए। चोरी हुए सामान में सोने की 2 तोला कान की फिनीया, 2 तोले की तीन चूड़ियां, सोने की चार कान की बालियां, एक तोले का मांग का टीका, 500 ग्राम चांदी का बिस्किट और 50 हजार रुपये की नकदी शामिल थी। पीड़िता ने अपने पोते आशीष पर संदेह व्यक्त किया था, जो पूर्व में भी इस तरह की वारदातों में संलिप्त रह चुका था।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वृद्धा के पोते आशीष पुत्र जगदीश बंशीवाल निवासी सुखेर तथा दोहिते ऋषि पुत्र स्वर्गीय विक्रम चौहान निवासी न्यू आरटीओ के पास, सुखेर को धरदबोचा। पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से 27.300 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी अत्यंत शातिर हैं; आशीष पुलिस से बचने के लिए अपने पास मोबाइल फोन नहीं रखता था, जबकि ऋषि चौहान पेशे से टैक्सी चालक है। पुलिस की सक्रियता का आभास होते ही दोनों आरोपी उदयपुर छोड़कर भागने की फिराक में थे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्तों के कत्ल और विश्वासघात की इस घटना ने स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story