विश्व पर्यटन दिवस पर उदयपुर के सरकारी स्कूल छात्रों ने जाना होटल इंडस्ट्री का संसार
उदयपुर में विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी स्कूल के छात्रों ने होटल इंडस्ट्री, करियर अवसर और पर्यटन की दुनिया को करीब से जाना।

तस्वीर में विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर होटल राफेल्स में विद्यार्थियों का समूह नजर आ रहा है।
विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यटन को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुपड़ी के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उदयपुर के पर्यटन और आतिथ्य उद्योग की कार्यप्रणाली से रूबरू कराया गया। सैंडीज ट्रेवल टेल्स और होटल राफेल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष भ्रमण में विद्यार्थियों ने होटल इंडस्ट्री के कामकाज को करीब से समझा, गेम जोन में मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया और पर्यटन क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी हासिल की।
होटल राफेल्स पहुंचने पर विद्यार्थियों का प्रबंधन की ओर से हेना किशोर, रविन्द्र धामी और रिपेंदर कंबोज ने स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों को होटल के विभिन्न प्रभागों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्होंने होटल संचालन, अतिथि सत्कार, प्रबंधन और विभिन्न सेवाओं की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखा। होटल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बताया कि एक बड़े होटल के संचालन में अलग-अलग विभाग किस तरह आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हैं।
विद्यार्थियों ने होटल की व्यवस्थाओं को उत्सुकता से देखा और अधिकारियों से विभिन्न विषयों को लेकर सवाल किए। होटल के भव्य वातावरण और आधुनिक व्यवस्थाओं को देखकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन का भी इंतजाम किया गया। सैंडीज ट्रेवल टेल्स के संदीप राठौड़ ने बताया कि विद्यार्थियों को गेम जोन की सैर कराई गई। वहां पहुंचते ही विद्यार्थियों में खुशी नजर आई। होटल प्रबंधन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों के साथ विभिन्न खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस दौरान औपचारिक माहौल खुशनुमा मिलन में बदल गया और विद्यार्थियों ने होटल अधिकारियों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेते हुए जमकर मस्ती की।
गेम जोन में विद्यार्थियों ने मनोरंजन के साथ टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का भी अनुभव किया। विद्यार्थियों के चेहरों पर नजर आई खुशी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को होटल एवं पर्यटन उद्योग में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी भी दी गई। होटल प्रबंधन की ओर से हेना किशोर ने बताया कि पर्यटन के बढ़ते विस्तार के साथ होटल इंडस्ट्री में रोजगार के अनेक नए अवसर पैदा हो रहे हैं। होटल प्रबंधन, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज, शेफ और इवेंट मैनेजमेंट सहित कई क्षेत्रों में युवा अपने भविष्य को दिशा दे सकते हैं।
विद्यार्थियों को बताया गया कि इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ व्यवहार-कुशलता, संवाद कौशल, अनुशासन, टीमवर्क और अतिथि सत्कार की भावना भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
होटल राफेल्स के रिपेंदर कंबोज ने कहा कि उदयपुर अपनी झीलों, प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन स्थलों के कारण देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है। शहर की होटल एवं आतिथ्य इंडस्ट्री भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सरकारी विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उदयपुर की पर्यटन एवं होटल इंडस्ट्री की इस विशेष पहचान से रूबरू कराने के उद्देश्य से आयोजन किया गया है। विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र की संभावनाओं से परिचित कराया जाए तो वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य में इस क्षेत्र को भी करियर के रूप में चुन सकते हैं।
राउमावि गुपड़ी के प्रधानाचार्य कमल जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह दौरा ऐसा अनुभव रहा, जिसमें उन्हें एक ही दिन में सीखने, नए क्षेत्र को करीब से जानने और मनोरंजन का अवसर मिला। सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित होटल की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलने से उनके ज्ञान और अनुभव के दायरे का भी विस्तार हुआ।
पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त निदेशक (प्रचार) डॉ कमलेश शर्मा ने कहा कि पर्यटन केवल पर्यटकों को आकर्षित करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार के नए अवसरों का बड़ा क्षेत्र भी है। विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह पहल विद्यार्थियों को ‘पर्यटन को देखने’ से आगे बढ़कर ‘पर्यटन को समझने’ का अवसर देने वाली रही।
इस अवसर पर प्रस्तर शिल्पकार हेमंत जोशी, क्राफ्ट आर्टिस्ट नीलोफर मुनीर, विक्रम, जसमीत अरोड़ा, प्रीतेश कोठारी, विशेष, भौमिक सहित स्कूली विद्यार्थी मौजूद थे। इस मौके पर सभी विद्यार्थियों को होटल राफेल्स की ओर से गिफ्ट भी दिए गए। आभार सैंडीज ट्रेवल टेल्स के संदीप राठौड़ ने जताया। इस तरह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए पर्यटन, आतिथ्य उद्योग, करियर संभावनाओं और मनोरंजन को एक साथ जोड़ने वाला अनुभव रहा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
