उदयपुर के सरकारी संस्थानों और आवासों में जल्द लगेंगे पीएनजी गैस कनेक्शन
जिला प्रशासन और गैस कंपनियों की बैठक में निर्णय, 2 सप्ताह के भीतर स्कूलों, छात्रावासों और राजकीय परिसरों में पाइप वाली प्राकृतिक गैस की सुविधा शुरू होगी।

उदयपुर(वि.)। जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में उदयपुर जिले के राजकीय आवासों और संस्थानों में पीएनजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जितेन्द्र ओझा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास, जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पीएनजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कनेक्शन की कार्ययोजना और विस्तार
राजकीय आवास, विद्यालय, छात्रावास, सर्किट हाउस, कॉलेज, ट्रेनिंग संस्थान एवं विश्वविद्यालय परिसर में संचालित रसोईघरों में पीएनजी गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। जिला रसद अधिकारी, द्वितीय मनीष भटनागर ने बताया कि इसके अलावा मिड डे मील योजना के तहत संचालित विद्यालयों, टीएडी छात्रावासों और विशेष परियोजनाओं में गैस वितरकों को भी पीएनजी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
पीएनजी कंपनियों का आश्वासन
पीएनजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि 1 से 2 सप्ताह के भीतर सभी चिन्हित स्थानों पर गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिए जाएंगे। यह कदम सरकारी संस्थानों में ईंधन की उपलब्धता को सुगम बनाने और पीएनजी नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
