उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में गोगुंदा-वणी रोड पर बदमाशों ने लूट की नीयत से एक अधेड़ व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है। वृद्ध की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

वारदात का विवरण

जानकारी के अनुसार सेमटाल निवासी शंकरलाल पालीवाल रात करीब 9 बजे गोगुंदा कस्बे से अपना काम निपटाकर गांव सेमटाल जा रहा था। जैसे ही वे गोगुंदा-वणी मार्ग पर आशापुरा होटल के पास पहुंचा तो 3 बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने लूटपाट करने के लिए शंकर लाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। वारदात के बाद बदमाश चाकू को शंकर लाल की पीठ में ही घुसा हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गए। सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में पड़े शंकर लाल को देख वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने इस मामले की जानकारी गोगुंदा पुलिस को दी और घायल को निजी वाहन से गोगुंदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में उपचार और पुलिस कार्रवाई

घायल जब अस्पताल पहुंचा तो उसकी पीठ में करीब 3 से 4 इंच तक चाकू धंसा हुआ मिला। चाकू उनकी पीठ की हड्डी के पास जाकर फंस गया था। गोगुंदा चिकित्सालय के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शंकर लाल को एमबी चिकित्सालय रेफर कर दिया। एमबी अस्पताल में चिकित्सकों ने वृद्ध की पीठ में फंसा हुआ चाकू निकाला।

सूचना मिलते ही गोगुंदा और सायरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित की पीठ से निकाले गए चाकू को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले और लूट की कोशिश का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई हैं और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story