उदयपुर: गोगुन्दा में बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार के बाद FIR के लिए दबाव
गोगुन्दा में स्कॉर्पियो पलटने से युवक की मौत के बाद परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम से मना किया, अब सीसीटीवी फुटेज देख मामला दर्ज करने की मांग की।

उदयपुर। जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद अब कानूनी पेचदगियां और परिजनों का आक्रोश सामने आया है। दरअसल, गोगुन्दा-मोडी रोड पर वाणी कट के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके नीचे दबने से भुताला निवासी 25 वर्षीय युवक सुरेश पुत्र ख्यालीलाल मेघवाल की मौके पर ही मौत हो गई। यह भीषण हादसा उस वक्त हुआ जब सुरेश अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए भुताला गांव से मोडी गांव की ओर बारात में जा रहा था। स्कॉर्पियो को सुरेश स्वयं चला रहा था कि तभी वाणी मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी तीन-चार बार पलटी खा गई, जिससे वह वाहन के नीचे दब गया जबकि उसके साथियों को मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद रविवार को परिजनों ने लिखित में पुलिस को यह लिखकर दिया था कि वे कोई कानूनी कार्यवाही नहीं करना चाहते, जिसके आधार पर एएसआई नन्दलाल नागदा ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव परिजनों को सौंप दिया था। जिस घर से बारात की खुशियां निकलनी थी, वहां इस हादसे के बाद मातम छा गया। हालांकि, सोमवार को घटनाक्रम में नया मोड़ आया जब सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरी घटना का खुलासा हुआ और अब पीड़ित परिवार एवं रिश्तेदार पुलिस प्रशासन पर मुकदमा दर्ज करने के लिए भारी दबाव बना रहे हैं। मृतक के पिता ख्यालीलाल मेघवाल ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि पुत्र की मौत की घटना से वे इतने आहत थे कि उन्हें उस समय कुछ समझ नहीं आ रहा था। अब पिता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर उचित जांच की जाए, जिसने पुलिस के समक्ष बिना पोस्टमार्टम शव सौंपने के बाद एफआईआर दर्ज करने की नई कानूनी चुनौती खड़ी कर दी है।

