उदयपुर। जिले के गोगुंदा से होकर निकल रहे नेशनल हाईवे पर कीर्ति राज होटल के समीप गुरुवार शाम को सरसों के तेल से भरा एक टैंकर चट्टान से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टैंकर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात के कांडला से सरसों का तेल लेकर मध्यप्रदेश के नीमच जा रहा था।

न्यूट्रल करने के कारण अनियंत्रित हुआ टैंकर

गोगुंदा हाईवे पर कीर्ति राज होटल के पास चालक ने ढलान पर टैंकर को न्यूट्रल कर दिया था। ढलान पर न्यूट्रल होने के कारण टैंकर अनियंत्रित होकर सीधे चट्टान से टकरा गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे के तुरंत बाद टैंकर में भरा सरसों का तेल तेजी से सड़क किनारे बहने लगा।

तेल लूटने की मची होड़ और पुलिस की कार्रवाई

टैंकर पलटने और तेल बहने की सूचना जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोग अपने घरों से खाली बर्तन, बाल्टी और ड्रम लेकर बहता हुआ तेल भरने में जुट गए। घटना की सूचना मिलने पर गोगुंदा थाने के उप निरीक्षक हितेश यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला गया।

घायल चालक अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल चालक की पहचान चिराग भाई ठाकुर, निवासी पालनपुर गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तुरंत उपचार के लिए गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तेल भर रहे लोगों को खदेड़ते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story