उदयपुर: गीतांजली कॉलेज ऑफ नर्सिंग में एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विशेषज्ञों ने नर्सिंग छात्राओं को एनीमिया के लक्षणों, बचाव और आयरन युक्त संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उदयपुर। गीतांजली कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) छात्राओं हेतु 'एनीमिया की रोकथाम एवं प्रबंधन' विषय पर एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का प्राथमिक उद्देश्य नर्सिंग छात्राओं के बीच एनीमिया की व्यापकता के प्रति चेतना जागृत करना और उन्हें स्वयं तथा मरीजों के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में गीतांजली हॉस्पिटल के प्रख्यात विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं डाइटिशियन ने एनीमिया के वैज्ञानिक पहलुओं और निवारक उपायों पर विस्तृत जानकारी साझा की। मुख्य वक्ताओं के रूप में उपस्थित स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नलिनी शर्मा, एमडी फिजिशियन डॉ. रवि मंगलिया एवं चीफ डाइटिशियन इंदु सैनी ने एनीमिया के लक्षणों, जटिलताओं और आहार संबंधी सुधारों के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। विशेषज्ञों ने छात्राओं को एनीमिया से बचाव के लिए आयरन युक्त संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति गंभीर रहने का परामर्श दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. डॉ. आलोक रावत, स्कूल ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. डॉ. दिनेश कुमार शर्मा एवं अकादमिक ऑफिसर प्रो. डॉ. जयेश पाटीदार द्वारा संयुक्त रूप से की गई। यह आयोजन प्रो. डॉ. विजयम्मा अजमेरा, डीन, गीतांजली कॉलेज ऑफ नर्सिंग के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम ने न केवल छात्राओं को एनीमिया के प्रति शिक्षित किया, बल्कि उनके व्यावहारिक ज्ञान में भी वृद्धि की है। भविष्य के स्वास्थ्य रक्षकों के रूप में इन नर्सिंग छात्राओं द्वारा प्राप्त यह जानकारी समाज में एनीमिया उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ करेगी, जिससे एक स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।

