उदयपुर: उमरड़ा में शौच करने गई युवती की कुएं में डूबने से मौत
विनायक ईंट भट्टे पर कार्यरत 19 वर्षीय युवती की कुएं में गिरने से मृत्यु, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।

उदयपुर। शहर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत उमरड़ा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ शौच के लिए गई एक 19 वर्षीय युवती की कुएं में डूबने से असामयिक मौत हो गई। मूल रूप से भीलवाड़ा के रेबारियों का गुड़ा उपला निवासी 19 वर्षीय कैलाशी पुत्री नगा बंजारा अपने परिवार के साथ उमरड़ा स्थित विनायक ईंट भट्टे पर मजदूरी का कार्य करती थी। मंगलवार सुबह जब कैलाशी नित्य कर्म के लिए पास ही के जंगल की तरफ गई और एक घंटे तक वापस नहीं लौटी, तो उसकी मां शांता बाई उसे तलाशने के लिए निकली। काफी खोजबीन के बाद जब मां ने पास ही स्थित एक कुएं में झांका, तो वहां बेटी की चप्पलें तैरती हुई मिलीं, जिसे देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई तत्काल सूचना पर हिरणमगरी थाने के एएसआई महावीर सिंह व पर्वत सिंह मय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिविल डिफेंस की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। सिविल डिफेंस की टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए एमबी चिकित्सालय पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद कैलाशी को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मृतक के भाई कपूर बंजारा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे ने ईंट भट्टे पर काम करने वाले श्रमिकों और मृतका के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

