उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले की गोगुन्दा थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे के समीप स्थित प्रसिद्ध घटेश्वरी महिषासुर मर्दिनी घाटा माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चुराए गए भारी वजन के पीतल के घंटे और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिए हैं।

थानाधिकारी श्याम सिंह के अनुसार, इस संबंध में दवियों की भागल जसवंतगढ़ निवासी देवीलाल पुत्र बंशीलाल पालीवाल और जसवंतगढ़ के गहलोतों का गुड़ा निवासी सचिव बाबू सिंह सिसोदिया पुत्र भेरूसिंह ने मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट के मुताबिक, गहलोतों का गुड़ा राव मादड़ा में स्थित घटेश्वरी महिषासुर मर्दिनी घाटा माता मंदिर ट्रस्ट में 4 मई की सुबह करीब 7:30 बजे जब देवीलाल प्रतिदिन की भांति पूजा करने पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। मंदिर के मुख्य द्वार की कुंडी और ताले टूटे हुए थे, साथ ही परिसर में स्थित अन्य चार कमरों के ताले भी चोरों ने तोड़ दिए थे। सूचना मिलते ही सचिव बाबू सिंह सिसोदिया, मनोहर सिंह कच्छावाह, देव भारती सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पता चला कि चोरों ने मंदिर से 36 किलो वजनी पीतल के 2 बड़े घंटे और करीब 57 किलो वजनी पीतल के 19 छोटे घंटे पार कर दिए थे। शातिर चोरों ने पहचान छुपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए थे और माता जी की श्रृंगार सामग्री भी समेट ले गए थे।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सघन जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर पांच आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहनलाल पुत्र कालुराम (निवासी गुन्दी का भीलवाड़ा, केलवाड़ा, राजसमंद), इन्द्रलाल पुत्र मोटाराम (निवासी गुन्दी का भीलवाड़ा, केलवाड़ा), दिनेश कुमार पुत्र बदाराम (निवासी गाडलिया बेकरिया), चूनाराम पुत्र मोतीराम (निवासी काकरवा नाल का कुआं, केलवाड़ा) और इन्द्ररलाल पुत्र दोलाराम (निवासी कोदार नीचला खेत, केलवाड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई घंटियां बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक बोलेरो गाड़ी और एक बाइक भी जब्त की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य संभावित वारदातों के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story