उदयपुर: घासा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ सप्लायर को पकड़ा, 27 मार्च तक रिमांड पर
पुलिस ने 9 फरवरी को जब्त डोडाचूरा मामले में मुख्य सप्लायर गौरी शंकर को गिरफ्तार किया, आरोपी ने ट्रक ड्राइवरों से नशा खरीदने की बात स्वीकार की है।

उदयपुर जिले की घासा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले तस्कर को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जहां उसे रिमांड पर रखने के आदेश दिए है। थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने गत 9 फरवरी को डिगरकिया निवासी पंकेश पुत्र कैलाश चन्द्र पाटीदार व कैलाश पुत्र शोभालाल पाटीदार के मकान के पास बने बाड़े से अफीम डोडा चुरा जब्त किया था और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
चारे के नीचे छिपाया था नशा
पुलिस कार्रवाई के दौरान पशुओं को खिलाने का चारा भरा हुआ था उसी चारे के नीचे तीन प्लास्टिक के कट्टो में 27.370 ग्राम डोडाचूरा भरकर छिपा रखा था। आरोपियों से डोडाचूरा के बारे में पूछताछ की तो उन्होने अरनोदा निम्बाहेड़ा निवासी गौरी शंकर उर्फ गोवर्धन पुत्र सुरेश पाटीदार से खरीदना बताया। ### मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी और रिमांड
डोडाचूरा बेचने वाले मुख्य आरोपी गौरी शंकर को गिरफ्तार किया तो पूछताछ में उसने बताया की "ये डोडाचूरा उसने ट्रक ड्राईवर से खरीदा।" आरोपी से जांच पड़ताल कर गुरूवार को अवकाशकालीन कोर्ट में पेश किया, जहां उसे 27 मार्च तक पुलिस रिमाण्ड पर रखने के आदेश दिये। रिमाण्ड अवधि के दौरान ट्रक चालकों से किन स्थानों से डोडाचूरा खरीदा गया उन स्थानों की तस्दीक की जायेगी। एसपी के आदेश से मामले की जांच मावली थानाधिकारी द्वारा की जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
