उदयपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक जघन्य जमीन धोखाधड़ी का खुलासा किया है। शहर के समीप स्थित कमलोद मटून में एक जमीन मालिक के नाम पर फर्जी मालिक खड़ा कर करोड़ों की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करवाने का मामला सामने आया। इस प्रकरण में पुलिस ने फर्जी जमीन मालिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

मामले की जानकारी भूरीलाल पुत्र गंगा भील निवासी गदोली मावली ने 8 नवंबर को दी। उन्होंने बताया कि उनकी जमीन का रूपांतरण कराने के लिए उदयपुर विकास प्राधिकरण पहुंचे तो पता चला कि जमीन का नामान्तरण शंकर लाल पुत्र बाबुलाल निवासी पीपलिया फला उपरेटा के नाम हो चुका है। जांच में यह भी सामने आया कि 14 मई 2024 को जमीन की फर्जी बिक्री हो गई थी। दस्तावेजों की पड़ताल में खुलासा हुआ कि फर्जी मालिक भूरीलाल उर्फ भूरा लाल पुत्र भगा निवासी भील बस्ती वाजमिया गदोली मावली ने स्वयं को जमीन का मालिक बताकर बिक्री कर दी।

रजिस्ट्री में भूरीलाल का फोटो और दो गवाह सुमेर सिंह पुत्र शिव सिंह निवासी गोटिया वल्लभनगर तथा दुर्गा शंकर पुत्र बदा भील निवासी रेबारियों का गुड़ा ढीकली शामिल थे। पुलिस ने इस पूरे मामले में फर्जी मालिक खड़ा करने और फर्जी गवाही देने के आरोप में भूरालाल, चैनाराम पुत्र जगन्नाथ भील, दुर्गाशंकर पुत्र बदा गमेती और सुमेर सिंह को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है।

पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और सभी दस्तावेजों और गवाहों की पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में जमीन की धोखाधड़ी और फर्जी रजिस्ट्री की समस्या पर सवाल उठाए हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story