उदयपुर: फर्जी पॉवर ऑफ अटार्नी से विदेश में रह रहे भाई की जमीन हड़पने का प्रयास, मामला दर्ज
अंबामाता थाना क्षेत्र के बडगांव में भूमाफियाओं ने फ्रांस निवासी युवक के जाली दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जे और अवैध रजिस्ट्री की कोशिश की।

उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में एक युवक ने कुछ भूमाफियाओं के खिलाफ विदेश में रह रहे उसके भाई के नाम से फर्जी पॉवर ऑफ अटार्नी बनाकर जमीन पर जबरन कब्जा करने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार रामचरण पुत्र स्व. तुलसीराम घीया निवासी कुमावतपुरा सुरजपोल अंदर ने यह मामला दर्ज करवाया है कि उसकी जमीन बडगांव में स्थित है। पीड़ित के अनुसार उसके पिता ने उसके नाम से पूरी जमीन की वसीयत कर रखी है।
फर्जी दस्तावेज और अवैध रजिस्ट्री का खेल
रामचरण को पता चला कि भूमाफिया गौरव कुमावत ने उसके बड़े भाई शिवचरण धीया, जो कि फ्रांस में रहता है, उससे बिना किसी वैधानिक अधिकार के 12 अप्रैल 2023 को इस जमीन के तीसरे हिस्से की पावर ऑफ अटार्नी बनवा ली। इसके पश्चात गौरव ने इस फर्जी पॉवर ऑफ अटार्नी का उपयोग करते हुए अपने साथी भूमाफिया दरबार देवेन्द्र सिंह, निवासी द्वितीय फ्लोर नागराज क्रोस रोड प्रोफेशनल कोरियर के पास नागर कोईल कन्याकुमारी तमिलनाडु के नाम जमीन की रजिस्ट्री करवा ली। गौरव कुमावत और शिवचरण ने गलत तरीके से पावर ऑफ अटार्नी बनवाकर मालिकाना हक के फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं।
जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश
घटनाक्रम के अनुसार, 15 मार्च की रात को गौरव, दरबार देवेन्द्र और करसाराम विश्नोई ने कब्जा करने की नीयत से जमीन में घुसकर वहां लोहे का केबिन रख दिया, जिसे रामचरण ने दूसरे दिन हटाया। इसके बाद 18 मार्च की शाम को फरसाराम, गौरव कुमावत व दरबार देवेन्द्र सिंह ट्रैक्टर में रेडीमेड बाउंड्री बनाने के लिये सीमेंट के पाटिए भरकर मजदूरों की मदद से पुनः जमीन में घुसे। वे लोग जबरन कब्जा करने के उद्देश्य से जमीन पर बाउंड्री बनाने का प्रयास कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने इस गंभीर विषय पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
