उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से विदेश घुमाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पिता-पुत्र ने टूर कंपनी के नाम पर विश्वास जीतकर पीड़ित से मोटी रकम ऐंठी और बाद में टूर निरस्त कर न केवल पैसे हड़प लिए, बल्कि विरोध करने पर धमकी भी दी।

पुलिस के अनुसार, विद्या विहार कॉलोनी उत्तरी सुन्दरवास निवासी शशांक जैन पुत्र संजय जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मुंबई के माहिम निवासी अभिषेक कोटवाल पुत्र सुरेन्द्र कोटवाल और उसके पिता सुरेन्द्र कोटवाल पुत्र गणपत कोटवाल ने उसे ठगी का शिकार बनाया है। आरोपी पिता-पुत्र मिलकर 'पुष्पम टूर्स' (समर्थ होलिडेज) नामक एक ऑनलाइन ट्रेवल एजेंसी का संचालन करते हैं। घटनाक्रम के अनुसार, 8 जून 2023 को अभिषेक कोटवाल ने फोन पर शशांक से संपर्क कर यूरोप यात्रा का कार्यक्रम तय किया। इसके बाद 1 जुलाई 2023 को आरोपियों ने यूरोप यात्रा के हवाई टिकटों का विवरण भेजकर शशांक से पैसों की मांग की, जिस पर उसने कुल 3 लाख 70 हजार रुपये आरोपियों के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

धोखाधड़ी का सिलसिला तब शुरू हुआ जब 9 अगस्त 2023 को आरोपियों ने एक ईमेल भेजकर तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए हवाई टिकट निरस्त होने की सूचना दी। जब शशांक ने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने बीमा के 9 हजार रुपये और सर्विस चार्ज के 4720 रुपये काटकर शेष 3 लाख 56 हजार 280 रुपये लौटाने की बात कही। इसके बावजूद राशि नहीं लौटाई गई। कानूनी कार्यवाही की चेतावनी देने पर आरोपियों ने शेष राशि को भविष्य की किसी अन्य बुकिंग में समायोजित करने का झांसा दिया। 10 अगस्त 2023 को कुछ टिकट और होटल बुकिंग में आंशिक राशि समायोजित करने के बाद भी उन्होंने 2 लाख 79 हजार 80 रुपये का भुगतान नहीं किया।

पीड़ित शशांक जैन ने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी कई लोगों को इसी तरह अपने जाल में फंसाकर धोखाधड़ी कर चुके हैं। जब पीड़ित ने पैसे लौटाने का दबाव बनाया, तो आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। प्रतापनगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला ऑनलाइन ट्रेवल बुकिंग के नाम पर चल रहे गिरोहों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल उठाता है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story