उदयपुर। शहर की भुपालपुरा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से फेल्सपार पाउडर सप्लाई करने का इकरार कर, सप्लाई किये माल और ट्रक के फंस जाने का झांसा देकर धोखाधडी करने वाले गुजरात के केमिकल व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरूवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमाण्ड पर रखने के आदेश दिये गये।

व्यापारिक सौदे में लाखों की धोखाधड़ी का मामला

थानाधिकारी ने बताया की धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रहे देवाशीष मिनरल्स की प्रोपराईटर माला पत्नी जगदीश मोटवानी निवासी लोढ़ा कॉम्पलेक्स ने गत वर्ष 5 दिसम्बर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पति के साथ मिनरल्स की ट्रेडिंग का व्यवसाय करती है। अगस्त 2025 में महेन्द्र नगर मोरबी गुजरात निवासी महेश पुत्र जयन्ती भाई फुलतरिया ने उनसे सम्पर्क किया और फेल्सपार पाउडर खरीदने का ईकरार किया। महेश फुलतरिया व उसकी फर्म से भेजे गए फेल्सपार पाउडर को वे नियमित रूप से उसकी फर्म पर फेल्सपार पाउडर के पेटे 24 लाख 70 हजार 760 रूपए मांगते है।

ट्रक फंसने का झांसा देकर ऐंठी नकदी

उसके साथ ही 19 सितम्बर 2025 को महेश फर्म पर आया और उसने उसकी गाडिय़ां ट्रांसपोर्ट में फंसने का हवाला देते हुए पैसा उधार मांगा, जिस पर महेश को 4.50 लाख रूपए नकद दिये लेकिन उसने ये राशि नहीं चुकाई। "आरोपी ने अपने ही बैंक खाते के 10-10 लाख रूपये के दो चैक दिये जिन्हे बैंक में भुगतान के लिए डाले तो आरोपी ने स्टोप पेमेन्ट करा दिया और धोखाधड़ी करते हुए 29 लाख 20 हजार 760 रूपए हड़प लिये।"

54 ट्रक माल हड़पने पर पुलिस की कार्रवाई

आरोपी महेश फुलतरिया ने उदयपुर से अपनी फर्म महाकाल ग्लोबल कॉर्पोरेशन शुभ कॉर्पोरेट हब, महेन्द्र नगर रोड मोरवी के नाम से फेल्सपार पाउडर की 54 ट्रक माल खरीदकर 24 लाख 70 हजार 760 रूपए हड़प कर धोखाधड़ी की। इस मामले में एएसआई भगवतीलाल ने महेन्द्र नगर मोरबी गुजरात निवासी महेश पुत्र जयन्ती भाई फुलतरिया को गिरफ्तार कर गुरूवार को अवकाशकालीन कोर्ट में पेश किया जहां पीठासीन अधिकारी ने पत्रावली का अवलोकन करने के बाद अभियुक्त महेश को 28 मार्च तक पुलिस रिमाण्ड पर रखने के आदेश दिये। रिमाण्ड अवधि के दौरान धोखे से हड़पी गई राशि एवं मामले में विस्तार से जांच पडताल की जायेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story