उदयपुर: फतहनगर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, जानलेवा हमले का क्रॉस केस दर्ज
फतहनगर में आपसी रंजिश में लोकेश बंजारा और महेश नायक के गुटों में चाकूबाजी और पथराव हुआ, पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है।

उदयपुर। जिले के फतहनगर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच हुई हिंसक मारपीट ने सनसनी फैला दी है। इस मामले में दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष के लोकेश पुत्र रामसिंह बंजारा, निवासी पीपली चौक वार्ड नंबर 16 फतहनगर ने रिपोर्ट दी कि 29 अप्रैल को रात्रि करीब 10:30 बजे जब वह चित्तौड़ से गाड़ी लेकर वापस घर लौटा, तो उसके घर के बाहर भीड़ जमा थी। वहां मौजूद संजय डांगी ने उकसाते हुए कहा कि इसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दो, जिसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर उसके पीछे दौड़े। लोकेश का आरोप है कि संजय डांगी, विशाल और महेश नायक ने उसे जबरन कार में डाल दिया, जिसे प्रतापसिंह चला रहा था। अपहरण कर चंगेड़ी ले जाते समय रास्ते भर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। चंगेड़ी गांव में विक्की चावड़ा की दुकान पर जब आरोपियों ने सिगरेट के लिए गाड़ी रोकी, तब विक्की चावड़ा ने उसे कार से नीचे उतारकर बीच-बचाव किया। प्रतापसिंह द्वारा पुनः मारपीट किए जाने के दौरान ग्रामीणों को आता देख प्रतापसिंह, संजय डांगी, विशाल और महेश नायक कार सहित मौके से फरार हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से महेश पुत्र महेंद्र नायक, निवासी कच्ची बस्ती फतहनगर ने मामला दर्ज करवाया कि उसी दिन वह अपने मित्र प्रतापसिंह के साथ कार से निलोद से फतहनगर आ रहा था। तालाब रोड पर निक्कू शर्मा के घर के बाहर निक्कू उर्फ निक्की शर्मा, दीपक उर्फ दीपू शर्मा, राहुल बंजारा और शौकीन ने उनकी कार रुकवाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद रात 9 से 9:30 बजे के बीच जब वह संजय डांगी को छोड़ने जा रहा था, तब हनुमान मंदिर के पास लोकेश बंजारा, निक्कू शर्मा, शौकीन, दीपक शर्मा और राहुल बंजारा ने कार पर पथराव कर कांच फोड़ दिया। आरोपियों ने महेश पर चाकू और पत्थरों से जानलेवा हमला किया, जिसमें उसे बचाने आए संजय डांगी को भी चाकू के वार से चोटें आईं। महेश का आरोप है कि मारपीट से बेसुध होने पर आरोपियों ने उसके कान पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और भीड़ को आता देख फरार हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है।

