फलासिया/उदयपुर। पंचायत समिति फलासिया की ग्राम पंचायत आमीवाड़ा के राजस्व गांव मुडखोसिया फला बामणिया में आज दिनांक 13 मार्च 2026 को समुदाय के वरिष्ठ वृद्ध भगत स्वर्गीय श्री पन्नालाल जी खराड़ी (गरासिया) का निधन हो गया। दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह रही कि उनका अंतिम संस्कार गांव के पास नदी के पेटे में करना पड़ा, क्योंकि गांव में आज दिन तक श्मशान घाट जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है।

आजादी के दशकों बाद भी बुनियादी सुविधाओं की दरकार

ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक मुडखोसिया फला बामणिया सहित आसपास के क्षेत्रों में श्मशान घाट की व्यवस्था नहीं होने के कारण गरासिया समाज के लोगों को अंतिम संस्कार के समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में नदी के पेटे या खुले स्थानों पर अंतिम संस्कार करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार ग्राम पंचायत और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक श्मशान घाट जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई।

आदर्श ग्राम पंचायत के दावों की खुली पोल

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पूर्व सांसद अर्जुनलाल मीणा द्वारा ग्राम पंचायत आमीवाड़ा को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में गोद लिया गया था, इसके बावजूद क्षेत्र में इस महत्वपूर्ण सुविधा का अभाव बना हुआ है। साथ ही पूर्व सरपंच ताराचंद्र गरासिया के कार्यकाल में भी श्मशान घाट का निर्माण नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मुडखोसिया फला बामणिया सहित आसपास के गांवों के लिए शीघ्र श्मशान घाट का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को इस प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

ग्रामीणों का आधिकारिक वक्तव्य

"आजादी के बाद से अब तक मुडखोसिया फला बामणिया सहित आसपास के क्षेत्रों में श्मशान घाट की व्यवस्था नहीं होने के कारण गरासिया समाज के लोगों को अंतिम संस्कार के समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।"

"कई बार ग्राम पंचायत और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक श्मशान घाट जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story